
काशीपुर/जसपुर। जसपुर विधानसभा क्षेत्र के बेलजुड़ी स्थित एक रिसॉर्ट में रक्तदान एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ राज्य मंत्री डॉ. यूनुस चौधरी ने फीता काटकर किया।शिविर में ब्लड सेंटर, राजकीय चिकित्सालय काशीपुर के चिकित्सकों तथा केवीआर हॉस्पिटल के डॉक्टरों की टीम ने लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया और स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया।

वहीं, गरीब नवाज वेलफेयर फाउंडेशन के सदस्यों और जसपुर विधानसभा क्षेत्र के लोगों ने शिविर में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए रक्तदान किया। इस अवसर पर डॉ. यूनुस चौधरी ने रक्तदान एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद मरीज के लिए जीवनदान साबित हो सकता है। ऐसे शिविरों के आयोजन से समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ती है और लोगों को अपने स्वास्थ्य की जांच कराने का अवसर मिलता है।

उन्होंने आयोजन से जुड़े सभी चिकित्सकों, स्वास्थ्य कर्मियों, रक्तदाताओं एवं गरीब नवाज वेलफेयर फाउंडेशन के सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाजहित में इस प्रकार के सेवा कार्य निरंतर होते रहने चाहिए। उन्होंने लोगों से रक्तदान करने तथा नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने की अपील की।
