November 26, 2026
IMG-20261125-WA0072.jpg
सुदर्शन समाचार ब्यूरो

काशीपुर। उत्तराखंड कांग्रेस की प्रदेश सचिव एवं जसपुर विधानसभा प्रभारी डॉ. दीपिका गुड़िया आत्रेय ने 26 नवंबर संविधान दिवस के अवसर पर देहरादून में आयोजित होने वाली ‘संविधान बचाओ, लोकतंत्र बचाओ’ विशाल पैदल मार्च में काशीपुर एवं जसपुर विधानसभा क्षेत्र की समस्त जनता और कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभाग करने का आह्वान किया है। डॉ. दीपिका गुड़िया आत्रेय ने कहा कि भारतीय संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूत नींव है। संविधान ने प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता, न्याय और अपने अधिकारों के साथ जीवन जीने का अवसर दिया है। संविधान की रक्षा करना और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर देहरादून स्थित कांग्रेस भवन से महामहिम राज्यपाल के राजभवन तक विशाल पैदल मार्च निकाला जाएगा। इस आयोजन के माध्यम से संविधान की मूल भावना, लोकतांत्रिक अधिकारों और सामाजिक न्याय के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की जाएगी।
डॉ. आत्रेय ने कहा कि काशीपुर एवं जसपुर विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस पदाधिकारी, वरिष्ठ कार्यकर्ता, युवा साथी, महिला कार्यकर्ता तथा समस्त क्षेत्रवासी इस पदयात्रा में बढ़-चढ़कर भागीदारी करें। उन्होंने कहा कि संविधान और लोकतंत्र की मजबूती के लिए सभी को एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद करनी चाहिए।
उन्होंने क्षेत्र की जनता एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं से 26 नवंबर को अधिक से अधिक संख्या में देहरादून पहुंचकर ‘संविधान बचाओ, लोकतंत्र बचाओ’ अभियान को सफल बनाने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *