जसपुर। एनएच-734 जसपुर बाईपास स्थित सिद्धू रेस्टोरेंट के निकट सोहल 0001 एग्रीकल्चर फर्म की ओर से किसान मिलन समारोह का आयोजन किया गया। फर्म के प्रोपराइटर अवतार सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में क्षेत्र के सैकड़ों किसानों ने उत्साह के साथ भाग लिया। समारोह का उद्देश्य किसानों के साथ बेहतर तालमेल स्थापित करने, उनके योगदान का सम्मान करने और आधुनिक कृषि यंत्रों के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आम आदमी पार्टी के जसपुर विधानसभा विधायक प्रत्याशी सरदार सूबा सिंह शामिल हुए। समारोह के दौरान किसानों के लिए लकी ड्रॉ का आयोजन किया गया, जो कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा। फर्म से पहले कृषि यंत्र खरीद चुके किसानों को दिए गए कूपनों के माध्यम से पारदर्शी तरीके से ड्रॉ निकाला गया। इसमें चयनित भाग्यशाली किसान को पुरस्कार स्वरूप एलसीडी प्रदान की गई। पुरस्कार पाकर विजेता किसान के चेहरे पर खुशी दिखाई दी।इस अवसर पर किसान यूनियन से जुड़े अमनप्रीत सिंह और जगजीत सिंह, मंडी समिति के उपाध्यक्ष श्रवण सिंह तथा पूर्व प्रधान सादा सिंह को पुष्पगुच्छ, शॉल और दीवार घड़ी भेंटकर सम्मानित किया गया। आयोजकों ने अतिथियों का स्वागत करते हुए किसान हितों और सामाजिक क्षेत्र में उनके योगदान की सराहना की।मुख्य अतिथि सरदार सूबा सिंह ने किसानों से संवाद करते हुए कहा कि किसान देश की अर्थव्यवस्था की मजबूत नींव हैं। ऐसे आयोजन किसानों को एक मंच पर लाने के साथ आपसी भाईचारे और सहयोग की भावना को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने आधुनिक कृषि उपकरणों के उपयोग को खेती को आसान और अधिक सुविधाजनक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।गौरतलब है कि सोहल 0001 एग्रीकल्चर फर्म के प्रोपराइटर अवतार सिंह हैं। फर्म पंजाब की प्रतिष्ठित कंपनी जगतजीत लिमिटेड से जुड़े कृषि उपकरण और आधुनिक कृषि इंप्लीमेंट्स क्षेत्र के किसानों को उपलब्ध करा रही है। फर्म का प्रयास है कि किसानों को उनकी जरूरत के अनुसार बेहतर कृषि यंत्र मिल सकें और उन्हें खेती के आधुनिक तरीकों से भी परिचित कराया जा सके।
कार्यक्रम के अंत में प्रोपराइटर अवतार सिंह ने समारोह में पहुंचे सभी अतिथियों, किसान यूनियन के पदाधिकारियों और क्षेत्र के किसानों का आभार व्यक्त किया। किसान मिलन समारोह आपसी सौहार्द और उत्साह के वातावरण में संपन्न हुआ।
