October 4, 2026
IMG-20261003-WA0067.jpg
सुदर्शन समाचार ब्यूरो

एरोबिक्स, स्वस्थ जीवनशैली और रंगोली निर्माण के माध्यम से बच्चों ने सीखे स्वास्थ्य, रचनात्मकता और नेतृत्व के पाठ

काशीपुर, 3 अक्टूबर 2026, दि गुरुकुल फाउंडेशन स्कूल, काशीपुर में यश फाउंडेशन के सहयोग से संचालित ‘यंग लीडर्स प्रोग्राम’ के तृतीय चरण का उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। इस अवसर पर श्रीमती उर्वशी बाली जी के संरक्षण में संचालित नेताजी सुभाष चंद्र बोस छात्रावास, काशीपुर के लगभग 30 बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। यह पहल यश फाउंडेशन, यूनिवर्सिटी ऑफ ऑक्सफोर्ड तथा दि गुरुकुल फाउंडेशन स्कूल के संयुक्त सहयोग से संचालित की जा रही है।

कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की छात्र परिषद के विद्यार्थियों ने शिक्षकों के मार्गदर्शन में किया। कार्यक्रम का शुभारंभ गायत्री मंत्र के पावन उच्चारण से हुआ, जिसके पश्चात विद्यार्थियों ने प्रेरणादायक विचार प्रस्तुत किए।

कार्यक्रम में एरोबिक्स सत्र के माध्यम से बच्चों को नियमित व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली का महत्व समझाया गया। ‘स्वस्थ आदतें, स्वस्थ जीवन’ सत्र में व्यक्तिगत स्वच्छता, पौष्टिक भोजन, नियमित व्यायाम, स्वच्छ वातावरण और अनुशासित दिनचर्या पर चर्चा की गई।

रंगोली निर्माण गतिविधि बच्चों के लिए रचनात्मकता और आनंद से भरपूर रही। विभिन्न रंगों और आकर्षक डिजाइनों के माध्यम से बच्चों ने अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया तथा धैर्य, एकाग्रता और सामूहिक सहभागिता का अनुभव किया। भोजन के दौरान विद्यालय के विद्यार्थियों ने स्वच्छता एवं व्यवस्थित ढंग से भोजन करने के महत्व के प्रति भी बच्चों को जागरूक किया।

कार्यक्रम के समापन पर एक विशेष ‘आत्मचिंतन सत्र’ आयोजित किया गया। बच्चों से उनके अनुभव और पसंदीदा गतिविधियों के बारे में बातचीत की गई। बच्चों ने बताया कि उन्हें एरोबिक्स, रंगोली, स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों तथा विद्यालय के विद्यार्थियों के साथ संवाद करने में विशेष आनंद आया। इस सत्र ने उन्हें अपनी भावनाएँ व्यक्त करने और कार्यक्रम से मिली सीख को अपने दैनिक जीवन से जोड़ने का अवसर दिया।

यह कार्यक्रम छात्रावास के बच्चों के साथ-साथ विद्यालय के विद्यार्थियों के लिए भी एक महत्वपूर्ण सीखने का अनुभव रहा। सहभागिता के माध्यम से विद्यार्थियों में सहानुभूति, आत्मविश्वास, सामाजिक उत्तरदायित्व, नेतृत्व, संवाद और टीमवर्क जैसे जीवन कौशल विकसित हुए। विद्यालय का मानना है कि सच्चा नेतृत्व दूसरों की सहायता और समाज के कल्याण में योगदान देने की भावना से विकसित होता है।

विद्यालय ने श्रीमती उर्वशी बाली जी के प्रति आभार व्यक्त किया, जिन्होंने विद्यालय को इस सार्थक पहल से जुड़ने का अवसर प्रदान किया। विद्यालय, यश फाउंडेशन एवं श्रीमती उर्वशी बाली जी के सहयोग से इस कार्यक्रम को पूरे वर्ष निरंतर संचालित करने और बच्चों के उज्ज्वल एवं सशक्त भविष्य में योगदान देने के लिए प्रतिबद्ध है।

इस अवसर पर विद्यालय की चेयरपर्सन श्रीमती चंपा कपूर, चेयरमैन डॉ. नीरज कपूर, डायरेक्टर डॉ. वसुधा कपूर, प्रधानाचार्या श्रीमती मीनल बधवार, संयुक्त प्रबंध निदेशिका सुश्री कामाक्षी कपूर, उप प्रधानाचार्या श्रीमती शुभांगी शर्मा, हेड ऑफ एक्टिविटीज श्रीमती रिषु कुमारी तथा विद्यालय के शिक्षकगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *