काशीपुर। सम्राट पृथ्वीराज चौहान कॉलेज एवं नवजीवन हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वावधान में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कॉलेज के छात्र-छात्राओं एवं अध्यापकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रक्तदान किया। छात्राओं ने भी बढ़-चढ़कर रक्तदान कर समाजसेवा और मानवता की मिसाल पेश की।


रक्तदान शिविर के दौरान संस्थान के चेयरमेंन गोपाल सिंह चौहान ने रक्तदान के महत्व को समझाते हुए कहा कि रक्तदान एक महादान है, जिससे जरूरतमंद मरीजों की जान बचाने में मदद मिलती है। प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए। रक्तदान करने से न केवल किसी जरूरतमंद की सहायता होती है, बल्कि समाज में सेवा और सहयोग की भावना भी मजबूत होती है।

नर्सिंग प्रिंसिपल डॉक्टर राजकुमार चौधरी ने कहा कि रक्तदान महादान है। हमारे कॉलेज के छात्र-छात्राओं एवं अध्यापकों ने जिस उत्साह के साथ रक्तदान किया, वह सराहनीय है। हमारा उद्देश्य युवाओं में मानव सेवा और रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

वाइस प्रिंसिपल नर्सिंग डॉ श्रुति करार, ने कहा कि“सम्राट पृथ्वीराज चौहान कॉलेज और नवजीवन हॉस्पिटल की संयुक्त पहल से आयोजित यह शिविर मानवता की सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण है। हम सभी स्वस्थ युवाओं से अपील करते हैं कि वे आगे बढ़कर रक्तदान करें और जरूरतमंदों के जीवन को बचाने में अपना योगदान दें।

वाइस प्रिंसिपल फार्मेसी डॉ अमित कुमार सेन ने रक्तदान को लेकर कहा कि किसी अनजान व्यक्ति के जीवन को बचाने में अपना योगदान देना मानवता की सच्ची सेवा है। उन्होंने अन्य युवाओं से भी रक्तदान के प्रति जागरूक होने और इस नेक कार्य में भाग लेने की अपील की।

सम्राट पृथ्वीराज चौहान कॉलेज और नवजीवन हॉस्पिटल की इस पहल की सराहना करते हुए उपस्थित लोगों ने कहा कि ऐसे शिविर युवाओं को सामाजिक जिम्मेदारियों से जोड़ने के साथ-साथ रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शिविर में छात्र-छात्राओं, अध्यापकों एवं आयोजन से जुड़े लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।









