September 21, 2026
IMG-20260921-WA0019.jpg
सुदर्शन समाचार ब्यूरो

काशीपुर। नगर व क्षेत्र में प्रतिष्ठानों पर राजस्व कर विभाग द्वारा की जा रही जीएसटी संबंधी सर्वे कार्रवाई को लेकर व्यापारियों के बीच उपजे असंतोष के बाद अब मामले में संवाद और समाधान की दिशा में कदम बढ़ाया गया है। मेयर दीपक बाली की पहल पर नगर निगम सभागार स्थित उनके कार्यालय में व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों, व्यापारियों तथा राजस्व कर विभाग के अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में कुमाऊं प्रभारी व्यापार मंडल अश्विनी छाबड़ा सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे। वहीं राजस्व कर विभाग की ओर से डिप्टी कमिश्नर वीर सिंह तथा असिस्टेंट कमिश्नर मितेश्वरानंद सहित अन्य अधिकारी शामिल हुए।

बैठक में जीएसटी से संबंधित व्यापारियों की समस्याओं, टैक्स भुगतान, इनपुट टैक्स क्रेडिट तथा सर्वे की कार्रवाई को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। मेयर दीपक बाली ने कहा कि व्यापारियों और विभाग के बीच किसी भी प्रकार की गलतफहमी या भय का वातावरण नहीं होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से आग्रह किया कि जिन प्रतिष्ठानों में जीएसटी संबंधी किसी प्रकार की विसंगति दिखाई दे रही है, वहां सीधे सर्वे करने के बजाय संबंधित फर्म स्वामी को पहले कार्यालय में बुलाकर स्थिति स्पष्ट की जाए तथा उसे अपनी बुक्स और टैक्स संबंधी कमियों को सुधारने का अवसर दिया जाए।

मेयर ने कहा कि कई व्यापारी जीएसटी कानून की जटिलताओं अथवा जानकारी के अभाव में अनजाने में त्रुटि कर सकते हैं। ऐसे मामलों में पहले उन्हें नियमों की जानकारी देना अधिक उपयोगी होगा। इसी उद्देश्य से व्यापारियों के लिए जल्द एक विशेष कार्यशाला आयोजित करने पर सहमति बनी। इसमें जीएसटी अधिकारी, सीए तथा जीएसटी मामलों के विशेषज्ञ शामिल होकर व्यापारियों की शंकाओं का समाधान करेंगे। कार्यशाला का आयोजन एक सप्ताह से दस दिन के भीतर किए जाने की बात कही गई।

बैठक में विभागीय अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि फिलहाल काशीपुर में इस प्रकार की सर्वे कार्रवाई को लेकर व्यापारियों को पहले अवसर दिया जाएगा। यदि किसी व्यापारी के रिकॉर्ड में टैक्स संबंधी कमी या विसंगति मिलती है तो उसे पहले इसकी जानकारी दी जाएगी। व्यापारी को अपनी स्थिति स्पष्ट करने और आवश्यक सुधार करने का अवसर मिलेगा। हालांकि यदि कोई व्यापारी नियमों का पालन नहीं करता है, तो नियमानुसार विभागीय कार्रवाई की जा सकती है।

व्यापार मंडल के कुमाऊं प्रभारी अश्विनी छाबड़ा ने मेयर की पहल का स्वागत करते हुए कहा कि व्यापारियों और विभाग के बीच संवाद स्थापित करने में यह बैठक महत्वपूर्ण साबित हुई है। उन्होंने कहा कि व्यापार मंडल भी कर व्यवस्था का पालन करने वाले व्यापारियों के साथ है, लेकिन अनावश्यक भय का वातावरण नहीं बनना चाहिए। बैठक में भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता गुरविंदर सिंह चंडोक व्यापारी अशोक कुमार अनुराग मित्तल प्रतीक अग्रवाल शिवम टंडन राजीव परनामी पुष्प अग्रवाल दीपक कुमार हितेश कुमार राजीव शुभम आलोक अग्रवाल धीरज अग्रवाल गौरव पैगिया शुभम अग्रवाल सहित दर्जनों व्यापारियों ने भाग लिया

व्यापारियों ने आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए अगले कुछ महीनों में सर्वे कार्रवाई से राहत की मांग भी रखी। उनका कहना था कि मिठाई, इलेक्ट्रॉनिक्स, रेडीमेड, ऑटोमोबाइल सहित विभिन्न कारोबारों में त्योहारी सीजन के दौरान बिक्री और स्टॉक का दबाव बढ़ जाता है। ऐसे समय में विभागीय कार्रवाई के बजाय जागरूकता और संवाद से समस्याओं का समाधान किया जाना चाहिए।

बैठक के बाद व्यापारियों ने मेयर दीपक बाली की पहल को व्यापारी और विभाग के बीच संवाद का सेतु बताते हुए आभार व्यक्त किया। अब प्रस्तावित जीएसटी कार्यशाला के माध्यम से व्यापारियों को कर व्यवस्था की जानकारी देने और लंबित शंकाओं का समाधान करने की दिशा में अगला कदम उठाया जाएगा। समस्या का निराकरण होने के बाद व्यापारियों ने महापौर दीपक बाली जिंदाबाद के नारे लगाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *