जसपुर। वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व विधायक प्रत्याशी डॉ. यूनुस चौधरी ने दिल्ली स्थित भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुंवर बासित अली से उनके कार्यालय में मुलाकात की। इस दौरान उत्तराखंड में आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर व्यापक चर्चा की गई। डॉ. चौधरी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष को उत्तराखंड आने का निमंत्रण दिया, जिसे उन्होंने सहर्ष स्वीकार करते हुए जल्द ही प्रदेश का दौरा करने की बात कही।

मुलाकात के दौरान डॉ. यूनुस चौधरी ने कुंवर बासित अली को जसपुर विधानसभा क्षेत्र सहित जनपद ऊधमसिंह नगर की सभी विधानसभा सीटों पर भाजपा की स्थिति और संगठनात्मक गतिविधियों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश के साथ-साथ तराई क्षेत्र में भी विकास कार्य किए जा रहे हैं।
डॉ. चौधरी ने कहा कि सरकार की विकासपरक योजनाओं एवं कल्याणकारी नीतियों से अल्पसंख्यक समाज सहित विभिन्न वर्गों को लाभ मिल रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की सरकार बनाने के लक्ष्य को लेकर कार्यकर्ता पूरी तरह तैयार हैं।
मुलाकात के दौरान संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनाव की तैयारियों से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया।









