काशीपुर। खोखरताल रोड स्थित सम्राट पृथ्वीराज चौहान कॉलेज ऑफ फार्मेसी में विश्वकर्मा पूजा के पावन अवसर पर हवन-पूजन कार्यक्रम का आयोजन श्रद्धा एवं उत्साह के साथ किया गया।
कार्यक्रम के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन किया गया तथा संस्थान की उन्नति, सुख-समृद्धि एवं विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। हवन में उपस्थित सभी लोगों ने आहुति देकर विश्वकर्मा भगवान का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा।
इस अवसर पर संस्थान के मैनेजिंग डायरेक्टर महेश सिंह चौहान, चेयरमैन गोपाल सिंह चौहान, निदेशक फार्मेसी डॉ. कपिल कुमार एवं प्रिंसिपल ऑफ नर्सिंग डॉ. राजकुमार चौधरी, प्रिंसिपल डिग्री कॉलेज डॉ सीमा चौहान, वाइस प्रिंसिपल नर्सिंग डॉ श्रुति करार सहित शिक्षकगण एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
वक्ताओं ने भगवान विश्वकर्मा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विश्वकर्मा पूजा श्रम, तकनीकी कौशल, सृजनशीलता एवं निर्माण के प्रति सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत, अनुशासन और अपने कार्य के प्रति समर्पण की भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित लोगों को प्रसाद वितरित किया गया। संस्थान परिवार ने आपसी सौहार्द एवं श्रद्धा के साथ विश्वकर्मा पूजा मनाई।









