काशीपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट सोमवार को काशीपुर पहुंचे, जहां बाजपुर रोड स्थित भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित हाई प्रोफाइल संगठनात्मक बैठक में उन्होंने प्रदेश, जिला और मंडल स्तर के पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की।
बैठक के दौरान संगठन विस्तार, प्रकोष्ठों की सक्रियता, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा और संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। प्रदेश अध्यक्ष ने पदाधिकारियों से संगठन की मजबूती के लिए समर्पण और सक्रियता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
महेंद्र भट्ट ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की सबसे बड़ी ताकत है और जनता के बीच सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने आगामी कार्यक्रमों और चुनावी तैयारियों को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में प्रदेश एवं जिला संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी, विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। संगठनात्मक दृष्टि से इस बैठक को भाजपा के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।





