नई दिल्ली/जसपुर। आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर आम आदमी पार्टी ने जसपुर विधानसभा क्षेत्र में अपनी राजनीतिक और संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जसपुर विधानसभा से आम आदमी पार्टी के विधायक प्रत्याशी सरदार सूबा सिंह ने नई दिल्ली स्थित आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय मुख्यालय में पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से शिष्टाचार भेंट की।
इस दौरान दोनों नेताओं के बीच विभिन्न महत्वपूर्ण राजनीतिक एवं संगठनात्मक विषयों पर चर्चा हुई। मुलाकात के दौरान सरदार सूबा सिंह को अरविंद केजरीवाल का मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त हुआ। इस अवसर पर आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए जसपुर विधानसभा क्षेत्र में पार्टी संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने तथा आम जनता के बीच पार्टी की नीतियों एवं विचारधारा को पहुंचाने जैसे विषयों पर चर्चा की गई।इस मुलाकात को लेकर सरदार सूबा सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल से मुलाकात उनके लिए प्रेरणादायक रही। उनके मार्गदर्शन से संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य जसपुर विधानसभा क्षेत्र में आम आदमी पार्टी को मजबूत जनाधार प्रदान करना और क्षेत्र की जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप विकास की नई दिशा तय करना है।
उन्होंने विश्वास जताया कि पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व के मार्गदर्शन और कार्यकर्ताओं की मेहनत से आगामी विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी जसपुर में मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी। साथ ही उन्होंने जसपुर क्षेत्र के उज्ज्वल भविष्य और जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देने के संकल्प को दोहराया।
वही बताते चलें कि इस मुलाकात को जसपुर विधानसभा में आगामी चुनाव की तैयारियों और आम आदमी पार्टी के संगठनात्मक विस्तार की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
