July 2, 2026
IMG_COM_202607011841301720.jpeg
सुदर्शन समाचार ब्यूरो


काशीपुर, 1 जुलाई, 2026

प्रख्यात स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. विभा मेहरोत्रा ने विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवन के महत्वपूर्ण एवं उपयोगी मंत्र दिए।

राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर जैतपुर रोड स्थित गुरुकुल फाउंडेशन स्कूल, काशीपुर में विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य को समर्पित स्वास्थ्य एवं स्वच्छता जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं वक्ता के रूप में वरिष्ठ स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. विभा मेहरोत्रा का विद्यालय परिवार द्वारा हार्दिक स्वागत किया गया।

अपने प्रेरणादायी संबोधन में डॉ. मेहरोत्रा ने विद्यार्थियों को आत्मविश्वास के साथ स्वयं को प्रोत्साहित करने, तनावमुक्त रहने के लिए लाफ्टर थेरेपी अपनाने तथा मानसिक शांति एवं एकाग्रता के लिए प्रतिदिन मेडिटेशन करने की सलाह दी। उन्होंने मोबाइल फोन के अत्यधिक उपयोग से होने वाले दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को स्क्रीन टाइम कम करने और पढ़ाई, खेलकूद व रचनात्मक गतिविधियों को प्राथमिकता देने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने व्यक्तिगत स्वच्छता (Personal Hygiene) के महत्व पर विशेष बल देते हुए नियमित हाथ धोने, नाखून साफ रखने, प्रतिदिन स्नान करने, स्वच्छ वस्त्र पहनने, पौष्टिक भोजन करने तथा पर्याप्त पानी पीने की आदत अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि अच्छी हाइजीन न केवल बीमारियों से बचाती है, बल्कि स्वस्थ व्यक्तित्व और आत्मविश्वास का भी आधार है।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की तथा स्वास्थ्य संबंधी अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। विद्यालय परिवार ने डॉ. विभा मेहरोत्रा का स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया तथा उनके प्रेरणादायी मार्गदर्शन एवं बहुमूल्य समय के लिए हार्दिक आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर विद्यालय की चेयरपर्सन श्रीमती चंपा कपूर जी, चेयरमैन डॉ. नीरज कपूर जी, डायरेक्टर डॉ. वसुधा कपूर जी, प्रधानाचार्या श्रीमती मीनल बधवार जी, संयुक्त प्रबंध निर्देशिका सुश्री कामाक्षी कपूर जी, उप-प्रधानाचार्या श्रीमती शुभांगी शर्मा जी एवं समस्त शिक्षकगण उपस्थित रहे।कार्यक्रम का समापन स्वस्थ जीवन, स्वच्छता एवं सकारात्मक सोच को दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने के संकल्प के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *