May 15, 2026
IMG_COM_202605141955065080.jpeg
सुदर्शन समाचार ब्यूरो

काशीपुर:प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष विशाल भोजक के निर्देशानुसार देशभर में हुए NEET पेपर लीक घोटाले के विरोध में युवा कांग्रेस द्वारा मशाल यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में काशीपुर में भी युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष सारिम के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मशाल यात्रा निकालकर केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।मशाल यात्रा के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी रोष देखने को मिला।
मशाल यात्रा नगर निगम परिसर से शुरू होकर महाराणा प्रताप चौक तक पहुंची। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता हाथों में मशालें लेकर सड़कों पर उतरे और भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए अपना आक्रोश व्यक्त किया। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि लगातार हो रहे पेपर लीक मामलों से देश के युवाओं और छात्रों का भविष्य खतरे में पड़ गया है।


इस मौके पर जिला अध्यक्ष युवा कांग्रेस सारिम सैफी ने कहा कि लाखों युवा दिन-रात मेहनत करके प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं,लेकिन भ्रष्टाचार और पेपर माफियाओं के कारण उनकी मेहनत पर पानी फिर जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि  भाजपा सरकार युवाओं के भविष्य को सुरक्षित रखने में पूरी तरह विफल साबित हुई है।उन्होंने मांग की कि NEET पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अलका पाल ने कहा कि “देश का युवा आज खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है। लगातार हो रहे पेपर लीक मामलों ने सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। भाजपा सरकार केवल बड़े-बड़े दावे करती है, जबकि हकीकत में युवाओं का भविष्य अंधकार में धकेला जा रहा है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष मुशर्रफ हुसैन ने कहा कि “जब-जब प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक होते हैं, तब-तब लाखों परिवारों की उम्मीदें टूटती हैं। भाजपा सरकार को युवाओं के भविष्य के साथ हो रहे इस खिलवाड़ का जवाब देना होगा। यदि सरकार जल्द ठोस कदम नहीं उठाती, तो युवा कांग्रेस और कांग्रेस कार्यकर्ता आंदोलन को और तेज करेंगे।

वरिष्ठ कांग्रेस नेता जितेंद्र सरस्वती ने कहा कि सरकार की लापरवाही के कारण शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता लगातार कमजोर हो रही है। कांग्रेस पार्टी युवाओं के साथ खड़ी है और इस मुद्दे पर चुप नहीं बैठेगी।


कार्यक्रम में  महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अलकापाल, पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष मुशर्रफ हुसैन, उमेश जोशी एडवोकेट, त्रिलोक सिंह अधिकारी, जितेंद्र सरस्वती, राशिद फारुकी, शाह आलम, अनीस अंसारी, युवा कांग्रेस एवं कांग्रेस संगठन से  जुड़े कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *