May 11, 2026
IMG-20260511-WA0024.jpg
सुदर्शन समाचार ब्यूरो

काशीपुर के ढकिया महादेव नगर निवासी नन्हीं बाल प्रतिभा अमानत कौर बाजवा ने अपनी अद्भुत प्रतिभा और असाधारण सीखने की क्षमता के बल पर National Book of Records में अपना नाम दर्ज कर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। मात्र ढाई वर्ष की आयु में अमानत कौर बाजवा ने बहुआयामी ज्ञान और प्रारंभिक शिक्षा कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर यह उपलब्धि हासिल की है।


रिकॉर्ड प्रमाण पत्र के अनुसार अमानत कौर अंग्रेजी वर्णमाला (A-Z), 1 से 70 तक की गिनती तथा हिंदी वर्णमाला को आसानी से पहचान लेती हैं। इतनी कम उम्र में उनकी तेज याददाश्त और भाषा सीखने की क्षमता सभी को आश्चर्यचकित करती है।
इसके अलावा अमानत रंग, आकार, जानवर, यातायात के साधन, शरीर के अंग, सप्ताह के दिन और महीनों की पहचान भी सहजता से कर लेती हैं। उनकी यह प्रतिभा उनके उत्कृष्ट अवलोकन और समझने की क्षमता को दर्शाती है।
अमानत कौर को किताबें पढ़ने में विशेष रुचि है। वह पंजाबी गीत गाती हैं तथा पंजाबी भाषा में प्रार्थनाएं भी सुनाती हैं, जिससे उनकी सांस्कृतिक समझ और अभिव्यक्ति क्षमता का परिचय मिलता है।
National Book of Records की संपादकीय समिति द्वारा उनकी इस उपलब्धि की जांच और सत्यापन के बाद 4 अप्रैल 2026 को आधिकारिक रूप से मान्यता प्रदान की गई। संस्था ने अमानत कौर बाजवा की प्रारंभिक शिक्षा, बहुभाषीय ज्ञान, मजबूत बौद्धिक क्षमता और सीखने की अद्भुत प्रतिभा को असाधारण उपलब्धि बताया है।
अमानत कौर बाजवा, व्यवसायिक कृषि से जुड़े हरप्रीत सिंह बाजवा एवं माता समनीत कौर की पुत्री हैं। वह भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष किसान मोर्चा बलकार सिंह की नवासी तथा सरदार लखविंदर सिंह बाजवा की पोती हैं।
अमानत की इस उपलब्धि पर परिवार, शुभचिंतकों एवं क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। लोगों ने इसे काशीपुर और पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण बताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *