नई दिल्ली। उत्तराखंड सरकार के राज्य मंत्री डॉ. यूनुस चौधरी ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री प्रतापराव गणपतराव जाधव से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उत्तराखंड में आयुर्वेदिक एवं यूनानी कॉलेजों की स्थापना सहित स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई।
भेंट के दौरान डॉ. यूनुस चौधरी ने उत्तराखंड में पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों को बढ़ावा देने तथा आयुर्वेद और यूनानी चिकित्सा शिक्षा के विस्तार की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया। उन्होंने कहा कि इन संस्थानों की स्थापना से प्रदेश में चिकित्सा शिक्षा को प्रोत्साहन मिलने के साथ-साथ युवाओं के लिए शिक्षा के नए अवसर उपलब्ध हो सकते हैं और स्वास्थ्य सेवाओं को भी मजबूती मिल सकती है।
इस अवसर पर डॉ. यूनुस चौधरी ने केंद्रीय राज्य मंत्री प्रतापराव गणपतराव जाधव को उत्तराखंड आने का सादर निमंत्रण दिया, जिसे उन्होंने सहर्ष स्वीकार किया।यह मुलाकात उत्तराखंड में स्वास्थ्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में संभावनाओं को आगे बढ़ाने और पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों के विकास के संबंध में महत्वपूर्ण रही।
