September 2, 2026
IMG-20260901-WA0059.jpg
सुदर्शन समाचार ब्यूरो

माननीय सिविल जज सीनियर डिवीजन माननीय श्रीमती ममता पंत जी सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण उद्यम सिंह नगर द्वारा छात्र-छात्राओं को विधिक अधिकारों, साइबर सुरक्षा एवं नशे के दुष्परिणामों के प्रति किया जागरूक
, उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के निर्देशों के अनुपालन में तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, ऊधम सिंह नगर के तत्वावधान में 1 सितंबर 2026 दिन मंगलवार को किसान इंटर कॉलेज, कुंडेश्वरी, तहसील काशीपुर में विधिक जागरूकता एवं निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में माननीय सिविल जज सीनियर डिवीजन एवं सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, ऊधम सिंह नगर श्रीमती ममता पंत जी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का आयोजन उनके मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम प्रधान श्रीमती पायल चौधरी जी द्वारा की गई। इस अवसर पर किसान इंटर कॉलेज, कुंडेश्वरी की प्रधानाचार्या डॉ. किरण सिंह जी भी विशिष्ट रूप से उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा माँ सरस्वती की सुंदर एवं मनमोहक प्रस्तुति भी दी गई।

शिविर में माननीय श्रीमती ममता पंत जी ने उपस्थित छात्र-छात्राओं को पोक्सो एक्ट, महिला अधिकार, नालसा की विभिन्न विधिक योजनाओं, नालसा टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 15100 तथा साइबर सुरक्षा एवं जागरूकता के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।

उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने विधिक अधिकारों एवं कर्तव्यों की जानकारी होनी चाहिए। किसी भी प्रकार की कानूनी समस्या अथवा आवश्यकता पड़ने पर पात्र व्यक्तियों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त की जा सकती है।

माननीय सचिव महोदया ने छात्र-छात्राओं को नशे से होने वाले गंभीर दुष्परिणामों के प्रति भी जागरूक किया। उन्होंने युवाओं एवं विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ, सुरक्षित एवं जिम्मेदार जीवन अपनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान मेगा ड्राइव चरण-1 के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी गई। माननीय सचिव महोदया ने बताया कि ग्राम हरिनगर एवं ढकिया कला में मेगा ड्राइव चरण-1 कार्यक्रम की शुरुआत 25 अगस्त 2026 से की जा चुकी है। इसके अंतर्गत तहसील काशीपुर के समस्त पैरा लीगल वालंटियर्स (PLV) द्वारा लगातार डोर-टू-डोर जाकर ग्रामीणों की जमीनी स्तर से जुड़ी समस्याओं को दर्ज किया जा रहा है तथा संबंधित विभागों के माध्यम से उनके समाधान का प्रयास किया जा रहा है।

शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रतिभाग कर छात्र-छात्राओं एवं उपस्थित लोगों को अपने विभागों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं। पुलिस विभाग से श्रीमती मीना रावत, राजस्व विभाग, श्रम विभाग तथा खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के प्रतिनिधियों ने विभागीय योजनाओं एवं जनहित से संबंधित विषयों की जानकारी दी।

स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र/एल.डी. भट्ट राजकीय चिकित्सालय, काशीपुर से डॉ. सत्यम चौहान (एमबीबीएस) सहित स्वास्थ्य विभाग के स्टाफ द्वारा छात्र-छात्राओं एवं उपस्थित लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।

60 से 70 छात्र-छात्राओं का हुआ निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण

शिविर के दौरान बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए निःशुल्क चिकित्सकीय जांच एवं स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। लगभग 60 से 70 छात्र-छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा चिकित्सकीय आवश्यकता के अनुसार उन्हें निःशुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया।

शिविर के माध्यम से श्रम विभाग एवं खाद्य एवं आपूर्ति विभाग द्वारा लगभग 10 से 15 आवेदनों एवं विभागीय समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया, जिससे संबंधित लोगों को सरकारी योजनाओं एवं विभागीय सेवाओं का लाभ प्राप्त करने में सहायता मिली।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा अपने-अपने विभाग से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां छात्र-छात्राओं एवं उपस्थित आमजन के साथ साझा की गईं।

काशीपुर क्षेत्र की पीएलवी टीम की रही सक्रिय सहभागिता

कार्यक्रम में काशीपुर क्षेत्र की पैरा लीगल वालंटियर्स (PLV) टीम ने सक्रिय सहभागिता निभाई। इस अवसर पर हेमा कुमारी, गायत्री गुप्ता, प्रिंसी, सागर, राम बहादुर सिंह, कविता रानी, ज्योति प्रभाकर, मूल्यांशु, रणधीर सिंह सैनी, सुरेंद्र कौर एवं कुसुम लता सहित अन्य पैरा लीगल वालंटियर्स उपस्थित रहे।

हेमा कुमारी ने कहा— विधिक जागरूकता से ही सशक्त बनेगा समाज

इस अवसर पर पैरा लीगल वालंटियर हेमा कुमारी ने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा आयोजित इस प्रकार के विधिक जागरूकता एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर समाज के प्रत्येक वर्ग के लिए अत्यंत उपयोगी हैं।

उन्होंने कहा कि विशेष रूप से छात्र-छात्राओं को कम उम्र से ही अपने विधिक अधिकारों, कर्तव्यों, महिला एवं बाल अधिकारों, साइबर सुरक्षा तथा नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना आवश्यक है।

“विधिक जागरूकता ही सशक्त और जागरूक समाज की आधारशिला है।” जब आमजन को अपने अधिकारों एवं उपलब्ध कानूनी सहायता की जानकारी होगी, तभी वे समय पर न्याय एवं सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकेंगे।

उन्होंने कहा कि पैरा लीगल वालंटियर्स (PLV) का उद्देश्य आमजन और विधिक सेवा संस्थाओं के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य करते हुए जरूरतमंद, गरीब एवं कमजोर वर्ग तक निःशुल्क विधिक सहायता एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाना है।

विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ किरण सिंह जी ने माननीय सिविल जज सीनियर डिवीजन एवं सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, ऊधम सिंह नगर श्रीमती ममता पंत जी के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के शिविर विद्यालयों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में निरंतर आयोजित किए जाने चाहिए, ताकि समाज के अधिक से अधिक लोग अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होकर उपलब्ध विधिक एवं सरकारी सुविधाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।

इस अवसर पर छात्र-छात्राओं एवं आमजन को विधिक जागरूकता, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल अधिकार, साइबर सुरक्षा, नशा मुक्ति तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया। शिविर के माध्यम से उपस्थित लोगों को महत्वपूर्ण विधिक एवं सामाजिक जानकारी प्राप्त हुई तथा उन्हें अपने अधिकारों एवं उपलब्ध सरकारी सेवाओं के प्रति जागरूक होने का अवसर मिला।

कार्यक्रम के सफल आयोजन पर सभी अतिथियों, विभागीय अधिकारियों, स्वास्थ्य विभाग की टीम, विद्यालय परिवार एवं पैरा लीगल वालंटियर्स द्वारा संयुक्त रूप से विधिक जागरूकता को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य को आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया गया।

प्रेस विज्ञप्ति जारीकर्ता:हेमा कुमारी
पैरा लीगल वालंटियर (PLV)
काशीपुर, ऊधम सिंह नगर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *