रामनगर- दीपावली के त्योहार को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने मिठाई और बेकरी उत्पादों की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। नगर पालिका सभागार में आयोजित बैठक में दो दर्जन से अधिक खाद्य कारोबारियों को खुली मिठाई और बेकरी उत्पादों पर उत्पादन तिथि और अवसान तिथि लिखना अनिवार्य होने की जानकारी दी गई।
सहायक आयुक्त अजब सिंह रावत ने व्यापारियों से मिलावटी और कालातीत खाद्य सामग्री की बिक्री नहीं करने को कहा। प्रतिष्ठानों में ऐसी सामग्री अलग रखने के लिए ड्रॉप बॉक्स बनाने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि मिलावट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। व्यापारियों ने खाद्य पदार्थों की मौके पर जांच के लिए सचल प्रयोगशाला भेजने का सुझाव दिया। बैठक में वरिष्ठ खाद्य संरक्षा अधिकारी असलम खान सहित व्यापारी मौजूद रहे।
