August 12, 2026
IMG-20260812-WA0017.jpg
सुदर्शन समाचार ब्यूरो

नए स्वच्छता गीत का हुआ शुभारंभ : महापौर बोले जागरूक नागरिकों को हाउस टैक्स में मिलेगी छूट

काशीपुर। शहर को साफ स्वच्छ एवं सुंदर बनाने एवं प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री पुष्कर धामी की उस घोषणा कि काशीपुर को काशी की तरह सजाया जाएगा के निमित्त जनता को जागरूक करने के लिए महापौर दीपक बाली ने एक अनूठी पहल शुरू करते हुए नगर की आवास विकास कॉलोनी के अग्रसेन पार्क में मंगलवार को स्वच्छता चौपाल का आयोजन किया । इस अवसर पर नए स्वच्छता गीत का भी शुभारंभ किया गया कार्यक्रम में महापौर दीपक बाली ने नागरिकों के साथ शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने को लेकर संवाद किया। कार्यक्रम का उद्देश्य केवल सफाई व्यवस्था की चर्चा करना नहीं, बल्कि नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जिम्मेदार और भागीदार बनाना भी रहा।

महापौर ने कहा कि नगर निगम अकेले पूरे शहर को स्वच्छ नहीं रख सकता। शहर की सफाई व्यवस्था में नगर निगम के साथ प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि घर का कचरा सड़क, नाली या खाली प्लॉट में डालने की बजाय उसे कूड़ा वाहन मैं ही डालें ।उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान जलभराव की समस्या में नालियों में जमा प्लास्टिक और पॉलीथीन भी बड़ी बाधा बनते हैं। हाल की बारिश का उदाहरण देते हुए महापौर ने कहा कि पानी भरा जरूर लेकिन जनता ने देखा कि वह निकल भी जल्दी गया। , जिसका एक कारण नगर निगम कर्मचारियों द्वारा नालियोंसेप्लास्टिक-पॉलीथीन निकालकर पानी की निकासी सुचारु करना रहा।
महापौर ने शहर की जल निकासी व्यवस्था को लेकर कहा कि प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का काशीपुर के प्रति विशेष प्रेम ही तो है कि उनके आशीर्वाद के चलते काशीपुर के लिए लगभग 602 करोड़ रुपये की ड्रेनेज योजना तैयार की गई है। इसके प्रथम चरण में रामनगर रोड से मुरादाबाद रोड तक के क्षेत्र को शामिल किया गया है। उन्होंने बताया कि प्रथम चरण के लिए लगभग 220 करोड़ रुपये का टेंडर अपलोड किया जा चुका है और 10 सितंबर को इसे खोला जाना है।उन्होंने कहा कि शहर की आबादी पिछले वर्षों में काफी बढ़ी है, जबकि पुराने समय की नालियां और नाले उसी अनुपात में हैं। ऐसे में बड़े स्तर की ड्रेनेज योजना के बिना जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान संभव नहीं था।महापौर ने कहा कि योजना के तहत नालों और नालियों को चौड़ा करने, बड़े नालों को पक्का करने तथा आवश्यक स्थानों पर स्लैब डालने जैसे कार्य किए जाएंगे। स्वच्छता चौपाल में महापौर ने नागरिकों के लिए प्रोत्साहन योजना की घोषणा करते हुए कहा कि जो परिवार घर से निकलने वाले कचरे को अलग-अलग करके नगर निगम की कूड़ा गाड़ी को देंगे, उन्हें स्वच्छ परिवार प्रमाण पत्र दिया जाएगाऔर जो परिवार एक महीने में तीन स्वच्छ परिवार प्रमाण पत्र प्राप्त करेंगे उन्हें हाउस टैक्स में 10 प्रतिशत की रियायत दी जाएगी। महापौर ने कहा कि सूखा और गीला कचरा अलग रखने के लिए नगर निगम द्वारा प्रत्येक घर को दो डस्टबिन निःशुल्क उपलब्ध कराए जा रहे हैं। यह अभियान वार्ड नंबर एक से शुरू किया गया है और लगभग साढ़े तीन महीने में घर-घर तक डस्टबिन पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।
महापौर दीपक बाली ने नागरिकों से स्वच्छता कर्मियों के प्रति सम्मान का भाव रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि सफाई मित्र धूप, बारिश और खराब मौसम में भी शहर की सफाई के लिए काम करते हैं।उन्होंने कहा कि नागरिक अपने घर के सामने की सफाई की जिम्मेदारी भी स्वयं निभाएं तो शहर चमक जाएगा। घर के अंदर सफाई रखने के साथ सड़क, पार्क और आसपास के सार्वजनिक स्थानों को भी अपना समझना होगा, तभी शहर वास्तविक रूप से स्वच्छ बन सकेगा।
कार्यक्रम में नागरिकों को कचरा पृथक्करण की जानकारी देने के लिए मनोरंजक खेल और गतिविधियों का भी आयोजन किया गया। इसमें प्रतिभागियों से अलग-अलग प्रकार के कचरे को उचित डस्टबिन में डालने तथा पर्यावरण संरक्षण के बारे में सवाल पूछे गए।

कार्यक्रम के दौरान प्लास्टिक, जैविक कचरे, रासायनिक एवं खतरनाक कचरे तथा रिसाइकिल होने वाली वस्तुओं के अलग-अलग निस्तारण की जानकारी दी गई। महापौर ने कहा कि आवास विकास वार्ड नंबर 17 से शुरू की गई स्वच्छता चौपाल को काशीपुर नगर निगम के प्रत्येक वार्ड में ले जाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं है। जब नागरिक स्वयं अपने घर, गली, सड़क और सार्वजनिक स्थानों को अपना मानकर जिम्मेदारी निभाएंगे, तभी काशीपुर को स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सकता है।
स्वच्छता चौपाल में पर्यावरण संरक्षण को लेकर पौधारोपण और पौधों की देखभाल का संकल्प और शहर को स्वच्छ रखने की शपथ भी दिलायी गयी। महापौर ने कहा कि केवल पौधा लगाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसके संरक्षण की जिम्मेदारी भी उतनी ही महत्वपूर्ण है।उन्होंने बताया कि शहर के लगभग 40 पार्कों के विकास का प्रोजेक्ट तैयार कर उच्च स्तर पर भेजा गया है। आवास विकास केइस पार्क को बेहतर बनाने के लिए स्थानीय औद्योगिक संस्था पशुपति लैमिनेटर के सहयोग से शानदार बनाया जाएगा।

महापौर ने बताया कि 15 अगस्त को नगर निगम परिसर में स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के बाद सुबह 11:30 बजे तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा पुराने बाजार से होते हुए अल्ली खां चौक तक जाएगी, जहां लगभग 135 फीट ऊंचे राष्ट्रीय ध्वज के कार्यक्रम में नागरिकों के साथ सहभागिता की जाएगी अत: अधिक से अधिक संख्या में नगर वासी इस तिरंगा यात्रा में शामिल हों। महापौर ने कहा कि उनका कार्यकाल साढ़े तीन वर्ष और शेष है, लेकिन स्वच्छता की मुहिम केवल कार्यकाल तक सीमित नहीं रहेगी। चौपाल में शामिल हुए स्त्री पुरुषों ने कार्यक्रम को बेहद शानदार बताया और कहां कि महापौर दीपक बाली की यह अनूठी पहल बहुत बेहतर है। पूर्व प्रधानाचार्य जेपी अग्रवाल बोले कि मुझे अपने शिष्य दीपक बाली की कार्य प्रणाली पर बहुत गर्व है। वही योग गुरू डॉ आर सी शर्मा ने कहा कि दीपक बाली काम की राजनीति का एक चमकता हुआ सितारा हैं। चौपाल में महापौर ने लोगों की समस्याओं को भी सुना।

इस मौके पर मुख्य नगर आयुक्त रविन्द्र बिष्ट , एसआई गणेश ध्यानी , एसआई इकबाल , पार्षद पुष्कर बिष्ट , पार्षद संदीप सिंह मोनू , डॉ आर सी शर्मा , अशोक धीमान हरिपाल चौहान , जय नंदन गुरू , आनंद सिहं रावत , जय प्रकाश अग्रवाल , दीपक चौधरी , शेष कुमार सितारा , एमपी गुप्ता ,अंकुर रस्तोगी , जी के अग्रवाल , कपिल , पूनम बिष्ट , अंजली बिष्ट , पंकज जग्गा , भाव्या पांडे सुशांत नवीन दीवान सिंह , कृष्ण कुमार , अजय कंडारी , पीयूष प्रधान , हरीश राम आर्य , अंजु , रमा , रानी , आस्था शर्मा , गीता , रंजना , ज्योति , दुलार सिंह , हेमन्त भट्ट , लक्ष्मण दास , डॉ वेद प्रकाश चौहान , पूर्व प्रधानाचार्य जे पी अग्रवाल , प्रदीप चौहान , जसवीर सिंह सैनी चौधरी समरपाल सिंह नीरज चौधरी , नरेश पाल यादव , हरेश राम आर्य लोकेश शर्मा समेत सैकड़ो गणमान्य स्त्री पुरुष मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *