October 9, 2026
IMG-20261009-WA0015.jpg
सुदर्शन समाचार ब्यूरो

काशीपुर। श्रीराम इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी, काशीपुर के कंप्यूटर साइंस विभाग में बीसीए द्वितीय वर्ष के छात्र-छात्राओं द्वारा बीसीए प्रथम वर्ष के नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं के स्वागत में फ्रेशर्स वेलकम समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नए विद्यार्थियों का संस्थान में स्वागत करना तथा उनके बीच आपसी परिचय, सहयोग और सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण को बढ़ावा देना रहा।समारोह के दौरान द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों ने विभित्र रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत रैंप वॉक, नाटक, नृत्य एवं अन्य मनोरंजक गतिविधियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। पूरे कार्यक्रम में उत्साह, उमंग और रचनात्मकता का माहौल देखने को मिला। नवप्रवेशित विद्यार्थियों ने भी कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपने नए शैक्षणिक जीवन की सुखद शुरुआत की

इस अवसर पर संस्थान के अध्यक्ष श्री रवीन्द्र कुमार ने प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें श्रीराम इंस्टीट्यूट में प्रवेश लेने के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जीवन अपने व्यक्तित्व को निखारने, नई प्रतिभाओं को पहचानने और भविष्य के लक्ष्यों को प्राप्त करने की दिशा में आगे बढ़ने का महत्वपूर्ण समय है। आज के तकनीकी युग में ज्ञान प्राप्त करने के अनेक साधन उपलब्ध हैं। विद्यार्थियों को इन संसाधनों का सदुपयोग करते हुए निरंतर सीखने, अनुशासन बनाए रखने और अपने लक्ष्य की ओर समर्पित भाव से आगे बढ़ने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों को सफलतापूर्वक स्वागत समारोह आयोजित करने के लिए बधाई भी दी।

संस्थान के निदेशक प्रो. (डॉ.) योगराज सिंह ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि श्रीराम इंस्टीट्यूट पर विश्वास जताने के लिए संस्थान सभी विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों का आभार व्यक्त करता है। उन्होंने कहा कि तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर सीखने की इच्छा, अनुशासन, मेहनत और समय का सही उपयोग सफलता की महत्वपूर्ण कुंजी हैं। विद्यार्थियों को अपनी शैक्षणिक यात्रा के दौरान नए कौशल विकसित करने तथा उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के आधार पर निर्णायक मंडल के सदस्य सहायक प्राध्यापक श्री योगेश कुमार एवं सुश्री बबीता शर्मा द्वारा परिणाम घोषित किए गए। प्रतियोगिताओं में दक्ष बिष्ट को मिस्टर फ्रेशर, शीतल पवार को मिस फ्रेशर के खिताब से सम्मानित किया गया। विजेताओं को सम्मानित किए जाने पर उपस्थित विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक अका अभिनंदन किया।

समारोह को सफल बनाने में कंप्यूटर साइंस विभागाध्यक्ष श्री बलविंदर सिंह सग्गू सहित विभाग के समस्त प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों को संस्थान के शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक वातावरण से परिचित कराने के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास और आपसी सहयोग की भावना को भी प्रोत्साहित किया।इस अवसर पर संस्थान के अध्यक्ष श्री रवीन्द्र कुमार, निदेशक प्रो. (डॉ.) योगराज सिंह, कंप्यूटर साइंस विभागाध्यक्ष श्री बलविंदर सिंह सग्गू, समस्त शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *