October 7, 2026
IMG_COM_202610071418323730.jpeg
सुदर्शन समाचार ब्यूरो

काशीपुर, 7 अक्टूबर। महानगर किसान कांग्रेस के अध्यक्ष परम सिद्धू के नेतृत्व में किसानों ने बुधवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नाम उपजिलाधिकारी काशीपुर के माध्यम से उनके स्टेनो सूरज पाल को ज्ञापन प्रेषित कर किसानों की पांच प्रमुख समस्याओं के समाधान की मांग उठाई। किसान कांग्रेस के कार्यकर्ताओं एवं वरिष्ठ पदाधिकारीयों द्वारा चेतावनी दी कि यदि शीघ्र मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो किसानों के हित में आंदोलन किया जाएगा।
ज्ञापन में किसान कांग्रेस अध्यक्ष परम सिद्धू ने कहा कि सरकारी तौल केंद्रों पर अभी तक धान की खरीद शुरू नहीं हो पाई है, जिससे किसानों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से तत्काल सरकारी क्रय केंद्रों पर धान खरीद शुरू कराने की मांग की।
किसान कांग्रेस ने ट्यूबवेल के भारी-भरकम बिजली बिलों को माफ करने की मांग उठाते हुए कहा कि खेती की बढ़ती लागत ने किसानों की आर्थिक स्थिति को प्रभावित किया है। इसके साथ ही हाल ही में हुई अत्यधिक बारिश से फसलों को हुए नुकसान का सर्वे कराकर प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग की गई।
ज्ञापन में गन्ने का मूल्य बढ़ाकर 700 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित करने तथा गेहूं की बुवाई के सीजन को देखते हुए किसानों को समय पर पर्याप्त खाद उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया। किसान नेताओं ने कहा कि खेती-किसानी से जुड़ी इन समस्याओं का समाधान करना सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए, ताकि किसानों को आर्थिक संकट से राहत मिल सके।इस मौके पर किसान कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष परम सिद्धू,अनुपम शर्मा, हरदेव सिंह हैरि,उमेश जोशी एडवोकेट, संदीप सहगल एडवोकेट, मुशर्रफ हुसैन, जितेन्द्र सरस्वती, राजू छीना, राशिद फारुकी, गोरख चौधरी, चंद्रभूषण अग्रवाल, अनमोलसिंह, अफसर अली, भूपेंद्र सिंह, विश्वजीतसिंह, शाह आलम, राकेश भगत, वसीमराजा, सादान इकबाल, मंसूर अली मंसूरी, आदि तमाम कांग्रेसी कार्यकर्ता शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *