October 7, 2026
IMG-20261007-WA0019.jpg
सुदर्शन समाचार ब्यूरो

निर्धारित समय सीमा के भीतर सड़क को गड्ढामुक्त करने के दिए निर्देश

मंडलायुक्त दीपक रावत को प्रतिदिन कार्यों की मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी

रामनगर/हल्द्वानी, 07 अक्टूबर 2026

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रामनगर-काशीपुर रोड की स्थिति का संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर सड़क को गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने सड़क को गड्ढामुक्त करने के लिए की जा रही कार्यवाही की प्रतिदिन निगरानी सुनिश्चित करने के साथ ही कुमाऊं मंडल की सभी महत्वपूर्ण सड़कों को भी प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय सीमा में गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में मंडलायुक्त दीपक रावत द्वारा रामनगर-काशीपुर रोड पर किए जा रहे पैच मरम्मत कार्य की प्रतिदिन समीक्षा की जा रही है। मंडलायुक्त ने बताया कि सड़क को गड्ढामुक्त करने के कार्य की प्रगति की नियमित रूप से समीक्षा की जा रही है। साथ ही मंडल की अन्य महत्वपूर्ण सड़कों की स्थिति एवं उनमें किए जा रहे मरम्मत कार्यों की भी गहनता से निगरानी की जा रही है।

मंडलायुक्त ने बताया कि रामनगर-काशीपुर मार्ग के काशीपुर से रामनगर प्रभाग में कुल 18 किलोमीटर पैच मरम्मत का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसके सापेक्ष अब तक 11.5 किलोमीटर में पैच मरम्मत का कार्य पूरा किया जा चुका है। कार्य में तेजी लाने के लिए प्लांट एवं कार्यस्थल पर 30 से अधिक श्रमिक कार्य कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि पैच मरम्मत कार्य में आवश्यकतानुसार 3 स्टेटिक रोलर, 1 वाइब्रेटर रोलर, 1 पेवर, 2 टार बॉयलर, 8 टिपर एवं 1 जेसीबी का उपयोग किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त प्लांट में 50 मीट्रिक टन बिटुमिन की पूर्ण क्षमता उपलब्ध है तथा 6 एमएम, 10 एमएम और 20 एमएम ग्रिट सामग्री भी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है।

मंडलायुक्त दीपक रावत ने सभी संबंधित अभियंताओं को निर्देश दिए कि सड़कों के गड्ढामुक्त करने के कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि सड़क मरम्मत कार्यों की गुणवत्ता के साथ-साथ कार्य की प्रगति पर भी निरंतर निगरानी रखी जा रही है।

मंडलायुक्त ने कहा कि कुमाऊं मंडल के अन्य महत्वपूर्ण मार्गों को गड्ढामुक्त करने के लिए की जा रही कार्यवाही पर भी पैनी नजर रखी जा रही है तथा संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *