जसपुर। महुआ डाबरा स्थित श्री साईं फार्मेसी कॉलेज के बी.फार्मा एवं डी.फार्मा के छात्र-छात्राओं ने फार्मासिस्ट डे के अवसर पर गांधी पार्क से सुभाष चौक तक जागरूकता रैली निकाली। छात्र-छात्राओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ उत्साहपूर्वक रैली निकालकर लोगों को स्वास्थ्य एवं दवाइयों के जिम्मेदारीपूर्वक इस्तेमाल के प्रति जागरूक किया।
इस वर्ष फार्मासिस्ट डे की थीम ‘बेहतर भविष्य के लिए फार्मासिस्ट को सशक्त बनाना’ रही। रैली में विद्यार्थियों ने हाथों में जागरूकता संदेश लिखी तख्तियां लेकर लोगों को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का संदेश दिया। छात्र-छात्राओं ने दवाइयों का सेवन चिकित्सकीय सलाह के अनुसार करने तथा उनके जिम्मेदारी से इस्तेमाल के महत्व के बारे में जानकारी दी।
सुभाष चौक पर विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया। नाटक के जरिए नशे से होने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए लोगों से नशे से दूर रहने की अपील की गई।
इस अवसर पर कॉलेज के चेयरमैन श्री राजकुमार सिंह ने कहा कि संस्थान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को बेहतर शिक्षा एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि वे फार्मेसी के क्षेत्र में बेहतर भविष्य बना सकें।
कार्यक्रम में डायरेक्टर अवनीश चौहान, मोहम्मद सलमान, सघिल सल्तनत, हर्ष कुमार, मोहम्मद फरमान, शिवानी, कविता, रविंदर पाल, शानवाज, फोजिया, इरम, परवेंद्र कुमार, नीमा बिष्ट, शिवम कुमार, नवप्रीत सहित कॉलेज के शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।









