काशीपुर। समर स्टडी हॉल को वित्तीय शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान एवं सहयोग के लिए FINSPIRE’26 प्रधानाचार्य महासम्मेलन के दौरान सम्मानित किया गया।
यह सम्मेलन 22 सितंबर 2026 को साउथ एशियन यूनिवर्सिटी, नई दिल्ली में आयोजित किया गया। सम्मेलन का विषय ‘विद्यालयों में वित्तीय शिक्षा का एकीकरण’ रहा, जिसमें विद्यार्थियों को आवश्यक वित्तीय ज्ञान एवं कौशल प्रदान करने के महत्व पर विशेष जोर दिया गया।
सम्मेलन में समर स्टडी हॉल काशीपुर के प्रधानाचार्य श्री अनुज भाटिया ने विद्यालय का प्रतिनिधित्व किया तथा वित्तीय शिक्षा के क्षेत्र में विद्यालय के योगदान, सक्रिय सहभागिता एवं सहयोग के लिए प्रदान किया गया सम्मान ग्रहण किया। राष्ट्रीय वित्तीय शिक्षा केंद्र (NCFE) की ओर से विद्यालय को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, विद्यार्थियों को वित्तीय रूप से जागरूक बनाना उनकी शिक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। वित्तीय शिक्षा के माध्यम से विद्यार्थियों में बचत, बजट, जिम्मेदार वित्तीय निर्णय और भविष्य की बेहतर योजना बनाने जैसी आवश्यक समझ विकसित की जा सकती है।
विद्यालय को मिले इस सम्मान पर समर स्टडी हॉल के प्रबंधन, शिक्षकों एवं अभिभावकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्रधानाचार्य एवं विद्यालय परिवार को बधाई दी। अभिभावकों ने इस उपलब्धि को विद्यालय के साथ-साथ काशीपुर के लिए भी गौरव का विषय बताया।









