June 27, 2026
IMG_COM_202606262108026280.jpeg
सुदर्शन समाचार ब्यूरो

काशीपुर:राष्ट्रीय मानव अधिकार संगठन भारत की उत्तराखंड टीम द्वारा ड्रग्स मुक्त उत्तराखंड डे के अवसर पर सरकारी अस्पताल, रामनगर रोड, काशीपुर में जनजागरूकता रैली एवं अस्पताल में भर्ती मरीजों और जरूरतमंद लोगों के बीच फल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना, युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना तथा मानव सेवा का संदेश देना रहा।

राष्ट्रीय मुख्य महासचिव ज़ुबैर सिद्दीकी ने कहा कि आज नशा हमारे समाज के लिए सबसे बड़ी सामाजिक बुराइयों में से एक बन चुका है। नशे की लत से बच्चों का भविष्य बर्बाद हो रहा है, परिवार टूट रहे हैं। उन्होंने प्रशासन के लिए कहा कि नशे का कारोबार करने वाले किसी भी व्यक्ति को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए। ऐसे लोगों के विरुद्ध सख्त कानूनों के तहत कठोरतम कार्रवाई कर उन्हें सलाखों के पीछे भेजा जाना चाहिए, ताकि युवाओं का भविष्य सुरक्षित रह सके।

उन्होंने आगे कहा कि सरकारी अस्पतालों में आने वाले प्रत्येक मरीज को समय पर बेहतर उपचार, आवश्यक दवाइयाँ और सम्मानजनक व्यवहार मिलना उसका अधिकार है। मरीजों के बीच फल वितरण करते हुए उन्होंने कहा कि मानव सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है और समाज के प्रत्येक सक्षम व्यक्ति को जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे आना चाहिए।

प्रदेश अध्यक्ष (एस.सी./एस.टी. मोर्चा) हेमा गौतम ने कहा कि नशे का सबसे अधिक दुष्प्रभाव महिलाओं और बच्चों पर पड़ता है। अनेक घरों में नशे की हालत में पति अपनी पत्नी के साथ मारपीट करते हैं, उन्हें मानसिक एवं शारीरिक प्रताड़ना देते हैं पूल उन्होंने कहा कि ऐसी पीड़ित महिलाओं को न्याय, सुरक्षा और सम्मान मिलना चाहिए तथा घरेलू हिंसा और नशे से जुड़े मामलों में दोषियों के विरुद्ध तत्काल और कड़ी कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। महिलाओं की गरिमा और सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जा सकता।कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने “नशा मुक्त उत्तराखंड” के निर्माण का संकल्प लिया तथा समाज से नशे के विरुद्ध एकजुट होकर जनजागरण अभियान को आगे बढ़ाने की अपील की।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय मुख्य महासचिव ज़ुबैर सिद्दीकी, प्रदेश सचिव मोहम्मद फुरकान, प्रदेश उपाध्यक्ष वसीम सिद्दीकी, प्रदेश अध्यक्ष (एस.सी./एस.टी. मोर्चा) हेमा गौतम, जिला अध्यक्ष ऊधम सिंह नगर शबाना अंजुम, विधानसभा महासचिव जसपुर मोहम्मद गुलफाम, विधानसभा संगठन मंत्री जसपुर मोहम्मद सलीम, ब्लॉक अध्यक्ष जसपुर मोहम्मद शरीफ, मोहम्मद शाकिर, मोहम्मद जीशान एवं मोहम्मद शाहनवाज सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *