काशीपुर:वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर के निर्देश पर जनपदभर में अवैध मादक पदार्थों एवं शराब की बिक्री व तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली आईटीआई पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने लगभग 20 लीटर अवैध कच्ची शराब के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक काशीपुर एवं क्षेत्राधिकारी काशीपुर के निर्देशन तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली आईटीआई के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा सोमवार को इंडियन पेट्रोल पंप के पास नहर मार्ग पर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान नहर पुलिया के समीप एक संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान युवक के पास मौजूद लाल-सफेद रंग की कपड़े की थैली से 72 पाउच अवैध कच्ची शराब बरामद हुई, जिसकी मात्रा लगभग 20 लीटर बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान कोमलजीत सिंह पुत्र काला सिंह निवासी ग्राम खाईखेड़ा, कोतवाली आईटीआई, जनपद ऊधमसिंहनगर, उम्र 28 वर्ष के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ कोतवाली आईटीआई में मु0एफआईआर संख्या 144/26 धारा 60(1) आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक जसविंदर सिंह प्रभारी चौकी पैगा, कांस्टेबल सुरेंद्र कांबोज एवं कांस्टेबल हरीश नेगी शामिल रहे।






