May 19, 2026
IMG-20260519-WA0017.jpg
सुदर्शन समाचार ब्यूरो

काशीपुर। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और भारतीय सेना के पूर्व मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूरी के निधन पर महापौर दीपक बाली ने गहरा शोक व्यक्त किया है और दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना करते हुए ईश्वर से पीड़ित परिजनों को यह कष्ट सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।

महापौर दीपक बाली ने कहा कि श्री बी.सी. खंडूरी दो बार उत्तराखंड के मुख्यमंत्री रहे। उन्होंने वर्ष 2007 से 2009 तक और फिर 2011 से 2012 तक प्रदेश की कमान संभाली। इसके अलावा वे केंद्र सरकार में सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री भी रहे तथा गढ़वाल लोकसभा सीट से सांसद चुने गए। श्री खंडूरी अपनी साफ-सुथरी छवि, सादगीपूर्ण जीवनशैली और सख्त प्रशासनिक फैसलों के लिए पूरे देश में जाने जाते थे। उनके कार्यकाल में पारदर्शी शासन व्यवस्था और लोकायुक्त कानून को लेकर उठाए गए कदमों की व्यापक सराहना हुई थी। उन्हें एक ऐसे नेता के रूप में देखा जाता था जिसने राजनीति में ईमानदारी और अनुशासन की मिसाल पेश की।
महापौर श्री बाली ने श्री खंडूरी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने सेना से लेकर सार्वजनिक जीवन तक राष्ट्र सेवा और जनसेवा का अद्वितीय उदाहरण प्रस्तुत किया। उनका जीवन सभी के लिए प्रेरणा स्रोत रहेगा। श्री खंडूरी के निधन से देश के राजनीतिक जगत को एक अपूरणीय क्षति हुई है। मैं उनकी आत्मा की शांति की प्रार्थना करता हूं और परमपिता परमेश्वर से यह भी प्रार्थना करता हूं कि वह उनके परिवार को यह असहनीय कष्ट सहने की शक्ति प्रदान करे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *