May 18, 2026
IMG_COM_202605180907587330.jpeg
सुदर्शन समाचार ब्यूरो

काशीपुर: देवभूमि उत्तराखंड की प्रसिद्ध भगवान श्री विश्वनाथ एवं मां जगदीशिला डोली रथ यात्रा के रविवार सायं काशीपुर पहुंचने पर श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। बाजपुर रोड स्थित पूर्व दर्जा राज्यमंत्री स्वर्गीय मुकेश मेहरोत्रा के प्रतिष्ठान “मेहरोत्रा इंटरप्राइजेज” में मेहरोत्रा परिवार एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने डोली रथ यात्रा का भव्य स्वागत किया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर भगवान श्री विश्वनाथ एवं मां जगदीशिला के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।


इस अवसर पर यात्रा के मुख्य पुरोहित एवं उत्तराखंड के पूर्व शिक्षा मंत्री मंत्री प्रसाद नैथानी ने डोली यात्रा के पौराणिक एवं आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विशोन पर्वत सदियों से ऋषि-मुनियों एवं धर्मगुरुओं की तपोस्थली रहा है। उन्होंने बताया कि स्वामी रामतीर्थ ने भी यहां कठोर तपस्या की थी और इसी पावन भूमि से इस डोली यात्रा का शुभारंभ होता है। उन्होंने कहा कि पिछले 26 वर्षों से यह यात्रा निरंतर निकाली जा रही है तथा इस वर्ष 27वीं डोली यात्रा आयोजित की जा रही है।


उन्होंने कहा कि इस देवयात्रा का मुख्य उद्देश्य विश्व कल्याण, देव संस्कृति का संरक्षण तथा चारधाम के अतिरिक्त उत्तराखंड के अन्य प्राचीन शक्तिपीठों एवं देवालयों की पहचान को देशभर में स्थापित करना है। देवभूमि उत्तराखंड में अनेक ऐसे सिद्ध एवं शक्तिपीठ हैं, जहां श्रद्धालुओं की गहरी आस्था जुड़ी हुई है और उनकी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।


मंत्री प्रसाद नैथानी ने बताया कि यह डोली यात्रा प्रतिवर्ष लगभग साढ़े दस हजार किलोमीटर की यात्रा करते हुए 2200 से अधिक देवालयों की परिक्रमा करती है तथा हरिद्वार में गंगा स्नान के पश्चात विशोन पर्वत पहुंचकर संपन्न होती है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष यात्रा 28 अप्रैल को हरिद्वार से प्रारंभ हुई थी, जो देहरादून, उत्तरकाशी, टिहरी, पौड़ी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, चंपावत, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़ एवं नैनीताल होते हुए ऊधम सिंह नगर जनपद पहुंची है।

आगामी 25 मई को गंगा दशहरा पर्व पर विशोन पर्वत पहुंचकर यात्रा का समापन होगा।
करीब एक माह तक चलने वाली इस धार्मिक यात्रा का काशीपुर में श्रद्धालुओं ने भावपूर्ण स्वागत किया। इसके उपरांत यात्रा अपने अगले पड़ाव जसपुर होते हुए हरिद्वार के लिए रवाना हो गई।


स्वागत समारोह में पूर्व दर्जा राज्यमंत्री स्व. मुकेश मेहरोत्रा की पत्नी श्रीमती वीना मेहरोत्रा, मेहरोत्रा इंटरप्राइजेज के स्वामी अर्पित मेहरोत्रा, श्रीमती नवदीप मेहरोत्रा सहित अलका पाल, लता शर्मा, मनोज जोशी एडवोकेट, उमेश जोशी एडवोकेट, संदीप सहगल एडवोकेट, अरुण चौहान, मुशर्रफ हुसैन, पंकज पंत, जितेंद्र सरस्वती, रवि ढींगरा, अफसर अली, अरविंद शर्मा, इलियास माहिगीर, विकल्प गुड़िया, आशुतोष, मनोज जैन, चक्रेश जैन, राशिद फारुकी, राहुल रमणदीप कांबोज, सुभाष पाल, तरुण लोहनी, राजेंद्र पेंटर, त्रिलोक सिंह अधिकारी, इंदर सिंह एडवोकेट, पुनीत कपूर, ब्रजकिशोर सिंह, डॉ. रमेश कश्यप, विनोद मेहरोत्रा, अमित शर्मा, योगेश जोशी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन चंद्रभूषण डोभाल एवं विनोद शर्मा होंडा ने संयुक्त रूप से किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *