September 21, 2026

ख़बर प्रवाह (07 अगस्त, 2023)

काशीपुर के पूर्व विधायक हरभजन सिंह चीमा ने अपने तथा वर्तमान में अपने पुत्र के कार्यकाल के दौरान किए गए विकास कार्यों को लेकर एक प्रेस वार्ता की जिसमें उन्होंने काशीपुर के विकास के लिए वर्तमान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के द्वारा विभिन्न योजनाओं की स्वीकृति देने पर उनका आभार जताया तो वही उन्होंने कहा कि शहर के विकास के लिए उनके द्वारा 20 साल लड़ाई लड़ी गई और अब वक्त आने पर श्रेय पार्टी के अन्य नेताओं पर लेने का आरोप लगाया।

काशीपुर के पूर्व विधायक हरभजन सिंह चीमा ने आज अपने रामनगर रोड स्थित कार्यालय पर प्रेस वार्ता का आयोजन किया। प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि 20 वर्षों से विकास करने में ना तो उन्होंने कोई कोर कसर छोड़ी है और ना ही वर्तमान विधायक त्रिलोक सिंह चीमा किसी तरह की कोई कसर छोड़ रहे हैं। प्रेस वार्ता के दौरान पत्रकारों से रूबरू होते हुए उन्होंने बताया कि काशिपुर के विकास के लिए रामनगर रोड से बाजपुर रोड तक द्रोणासागर नहर के ऊपर 28 करोड़ 45 लाख रुपये की लागत से 3.90 किमी. लम्बी टूलेन बाईपास रोड का निर्माण स्वीकृत हुआ है। पूर्व विधायक हरभजन सिंह चीमा ने अपने कार्यकाल में कराये गये विकास कार्यों का ब्यौरा देते हुए कहा कि पिछले वित्तीय वर्ष तक उनके द्वारा 5 करोड़ 10 लाख रुपये 37 सड़को के लिए स्वीकृत करवाकर उनका निर्माण कराया। वहीं उन्होंने बताया कि 3.25 किमी लंबी लक्ष्मीपुर माइनर के लिए स्वीकृत 28.45 करोड़ रुपए स्वीकृत कराने के लिए उन्होंने अक्टूबर 2019 में तत्कालीन मुख्यमंत्री को प्रस्ताव भेजा था और व्यक्तिगत रूप से उनसे अनुरोध किया था। जिसके लिए वह आठ से दस बार देहरादून गये थे। इसके लिए मेयर ऊषा चौधरी ने भी काफी सहयोग दिया। जेल रोड पर मल्टी स्टोरी पार्किंग के लिए उनके द्वारा 22 करोड़ 60 लाख रुपए से अधिक की राशि का प्रस्ताव सरकार द्वारा स्वीकृत गया है। जिससे शहर की पार्किंग व्यवस्था में सुधार होगा। उन्होंने बताया कि काशीपुर का रोडवेज बस अड्डा बाजपुर रोड स्थित खाली पड़ी सूत मिल की 10 एकड़ जमीन पर स्थानांतरित करने की स्वीकृति मिल चुकी है। बहुत जल्दी रोडवेज बस अड्डा आईएसबीटी के रूप में वहां स्थानांतरित हो जायेगा। उन्होंने बाजपुर रोड पर निर्माणाधीन आरओबी के नीचे अंडरपास बनाए जाने के बारे में भी प्रस्ताव के पास हो जाने के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि बारिश की वजह से आरओबी के कार्य में थोड़ा सा विलंब हो रहा है जो कि जल्दी पूरा हो जाएगा और उसके बाद अंडर पास का कार्य भी शुरू हो जाएगा।

उन्होंने अपनी ही पार्टी के नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि शहर के विकास के लिए बीस साल लड़ाई हमने लड़ी और श्रेय कोई और नेता लेने का प्रयास कर रहे हैं। मैं यह नहीं कहता कि ये सब हमने कराया है। एक विधायक होने के नाते मेरा और मेरे पुत्र का यह फ़र्ज़ था जिसे हमने पूरा किया है।

पूर्व विधायक हरभजन सिंह चीमा ने अपनी पार्टी के नेताओं पर बिना नाम लिए निशाना साधा। पूर्व विधायक हरभजन सिंह चीमा ने कहा कि पिछले बीस सालों से जब तक मैं विधायक रहा और अब मेरे पुत्र त्रिलोक सिंह चीमा मौजूदा विधायक हैं। हम दोनों ने शहर की सड़कों, बिजली, पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं को जनता को देने के लिए ही काम किया। पूर्व विधायक हरभजन सिंह चीमा ने कहा कि उन्हें खेद है कि कुछ नेता विकास कार्यों का श्रेय लेने के लिए आगे आ रहे हैं। ऐसे लोगों को समझना चाहिए कि केवल बातें करने से काम नहीं होता। काम वास्तव में करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि इस बार मुख्यमंत्री जब काशीपुर आए थे तो उनके द्वारा दो कार्यों के बारे में बताया गया था। उन्होंने कहा कि हमारे मुख्यमंत्री घोषणा में विश्वास नहीं रखते काम में विश्वास रखते हैं और उन्होंने देहरादून जाते ही लक्ष्मीपुर माइनर की स्वीकृति दे दी। उन्होंने कहा कि लक्ष्मीपुर माइनर सड़क निर्माण के स्वीकृति का कोई अपना नाम लेकर श्रेय ले रहा है जो जनता को गुमराह करना है। वहीं पूर्व विधायक हरभजन सिंह चीमा ने अपने सुपुत्र मौजूदा विधायक त्रिलोक सिंह चीमा के द्वारा प्रस्तावित कार्यों के बारे में भी बताया। साथ ही उन्होंने ट्रांसपोर्ट नगर के प्रस्ताव के लिए 10 एकड़ भूमि के प्रस्ताव को बढ़ाकर अब 15 एकड़ भूमि पर ट्रांसपोर्ट नगर बनाए जाने के लिए प्रस्ताव शासन को भेजा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *