रय्यान इंटरनेशनल स्कूल, काशीपुर में विद्यार्थियों के बौद्धिक विकास, समसामयिक घटनाओं के प्रति जागरूकता तथा आत्मविश्वास को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से एक भव्य अंतर-सदनीय सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में रेड, ब्लू, ग्रीन और येलो हाउस के विद्यार्थियों ने उत्साह, ऊर्जा और प्रतिस्पर्धात्मक भावना के साथ प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिता में समसामयिक घटनाओं, खेलकूद, ऑडियो-विजुअल तथा विभिन्न शैक्षणिक एवं सामान्य ज्ञान से संबंधित विषयों पर आधारित छह रोचक चरण आयोजित किए गए। प्रत्येक चरण में विद्यार्थियों ने अपनी ज्ञान क्षमता, त्वरित निर्णय लेने की योग्यता और टीम भावना का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतिभागियों के उत्साहपूर्ण उत्तरों और आत्मविश्वास ने प्रतियोगिता को अत्यंत रोचक एवं ज्ञानवर्धक बना दिया।
छह चरणों की रोमांचक प्रतिस्पर्धा के पश्चात ग्रीन हाउस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया।
विजेता विद्यार्थियों को विद्यालय के चेयरमैन श्री बब्बन खान ने पुरस्कृत किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें निरंतर ज्ञान अर्जित करने और जीवन में उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री भुवनेश चंद्र कर्नाटक ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने प्रतियोगिता को सफल बनाने में शिक्षकों के समर्पण, सहयोग और सामूहिक प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। इस आयोजन ने विद्यार्थियों में ज्ञान प्राप्ति की ललक, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को नई ऊर्जा प्रदान की।
कार्यक्रम को सफल बनाने में सभी शिक्षकों का सहयोग रहा, मंच संचालन नूर फातिमा तथा मन्नत खान ने किया।
