October 14, 2026
IMG-20261013-WA0006.jpg
सुदर्शन समाचार ब्यूरो

काशीपुर:श्रीराम संस्थान काशीपुर के एमबीए प्रथम एवं द्वितीय वर्ष के छात्र-छात्राओं ने एसआरएफ लिमिटेड, काशीपुर में औद्योगिक भ्रमण किया। इस भ्रमण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को औद्योगिक जगत की वास्तविक कार्यप्रणाली से परिचित कराना तथा कक्षा में प्राप्त सैद्धांतिक ज्ञान को व्यावहारिक अनुभव से जोड़ना था।
औद्योगिक भ्रमण के दौरान एसआरएफ के एच0 आर0 हेड श्री शाहनवाज़ एवं श्री अंकित तथा धीरेन्द्र व शिवानी ने विद्यार्थियों को उद्योग में उत्पादन प्रक्रिया, प्रबंधन व्यवस्था, कार्य संचालन, गुणवत्ता नियंत्रण तथा औद्योगिक अनुशासन जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं विद्यार्थियों के साथ साझा किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने जाना कि किसी भी औद्योगिक इकाई के सफल संचालन में प्रभावी प्रबंधन, टीमवर्क, समय प्रबंधन, तकनीकी दक्षता और गुणवत्ता का विशेष महत्व होता है। विद्यार्थियों ने उद्योग से संबंधित विभिन्न प्रक्रियाओं को समझने में रुचि दिखाई तथा अपने ज्ञान को बढ़ाने के लिए महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्राप्त कीं।
इस अवसर पर संस्थान के अध्यक्ष श्री रवीन्द्र कुमार ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए किताबी ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक अनुभव भी अत्यंत आवश्यक है। औद्योगिक भ्रमण विद्यार्थियों को उद्योगों की वास्तविक आवश्यकताओं को समझने, नए कौशल सीखने और अपने करियर के प्रति स्पष्ट दृष्टिकोण विकसित करने में सहायता करते हैं। संस्थान का निरंतर प्रयास है कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ उद्योग जगत से जुड़ने के अवसर भी उपलब्ध कराए जाएँ, जिससे वे भविष्य में कुशल प्रबंधक एवं सफल पेशेवर बन सकें।
संस्थान के निदेशक प्रो0 डॉ0 योगराज सिंह ने कहा की इस प्रकार के औद्योगिक भ्रमण प्रबंधन के विद्यार्थियों के लिए विशेष रूप से उपयोगी होते हैं, क्योंकि इनके माध्यम से उन्हें व्यावसायिक वातावरण, संगठनात्मक संरचना और प्रबंधकीय निर्णयों की व्यावहारिक समझ विकसित करने का अवसर मिलता है।
कार्यक्रम के दौरान संस्थान के प्राध्यापक डॉ0 शोभित, श्री कुलदीप गोस्वामी तथा डॉ0 अक़ील अहमद छात्र-छात्राओं के साथ उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *