जसपुर। उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं। जसपुर विधानसभा क्षेत्र में आजाद समाज पार्टी भी संगठन और जनसंपर्क के स्तर पर अपनी सक्रियता बढ़ा रही है। पार्टी से जुड़े युवा नेता नईम प्रधान पिछले कुछ समय से क्षेत्र के विभिन्न गांवों और मोहल्लों में जनसंपर्क कर लोगों की समस्याएं सुनने का दावा करते हुए मिशन-2027 की तैयारी में जुटे हैं।
इसी सिलसिले में नईम प्रधान से सुदर्शन समाचार बातचीत में जसपुर की राजनीति, विकास के मुद्दों, बेरोजगारी, शिक्षा, स्वास्थ्य, किसानों की समस्याओं और आजाद समाज पार्टी की चुनावी रणनीति को लेकर कई अहम सवाल किए गए।
सवाल-जवाब
सवाल 1—नईम जी, 2027 का चुनाव अभी दूर है, फिर इतनी जल्दी क्षेत्र में जनसंपर्क क्यों शुरू कर दिया है?
नईम प्रधान: चुनाव केवल मतदान के समय नहीं लड़ा जाता। जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझना और संगठन को मजबूत करना लगातार चलने वाली प्रक्रिया है। हमारा प्रयास है कि जसपुर विधानसभा के गांव-गांव और बूथ स्तर तक संगठन खड़ा हो।
सवाल 2—आजाद समाज पार्टी जसपुर में किन प्रमुख मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी?
नईम प्रधान: हमारे लिए शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पानी, किसानों की समस्याएं और युवाओं के भविष्य जैसे मुद्दे महत्वपूर्ण हैं। हम चाहते हैं कि चुनावी चर्चा केवल आरोप-प्रत्यारोप तक सीमित न रहे, बल्कि क्षेत्र के वास्तविक सवालों पर हो।
सवाल 3—जसपुर में लंबे समय से विकास को लेकर अलग-अलग राजनीतिक दल दावे करते रहे हैं। आप जनता के सामने क्या अलग लेकर जाएंगे?
नईम प्रधान: हमारा फोकस जनता से सीधा संवाद और स्थानीय समस्याओं को प्राथमिकता देने पर रहेगा। हम क्षेत्र के लोगों से पूछेंगे कि उन्हें वास्तव में क्या चाहिए और उसी आधार पर अपना एजेंडा तैयार करेंगे।
सवाल 4—किसान और ग्रामीण क्षेत्र आपकी प्राथमिकताओं में कहां हैं?
नईम प्रधान: जसपुर की अर्थव्यवस्था में ग्रामीण क्षेत्र और खेती की बड़ी भूमिका है। किसानों को सिंचाई, फसल का उचित मूल्य, समय पर भुगतान, बिजली और लागत से जुड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। इन मुद्दों को मजबूती से उठाना जरूरी है।
सवाल 5—युवाओं के लिए आपकी क्या प्राथमिकता होगी?
नईम प्रधान: रोजगार और बेहतर शिक्षा सबसे बड़ा मुद्दा है। हमारा प्रयास रहेगा कि युवाओं को रोजगार के अवसर, कौशल विकास और प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर सुविधाओं के मुद्दे पर सरकार से जवाब मांगा जाए।
सवाल 6—क्या आपकी नजर जसपुर की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों और दूसरे दलों के संभावित प्रत्याशियों पर भी है?
नईम प्रधान: हम किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ राजनीति करने के बजाय अपनी तैयारी पर ध्यान दे रहे हैं। जनता किसे मौका देना चाहती है, इसका फैसला जनता करेगी। हमारा काम अपने संगठन और कार्यकर्ताओं को मजबूत करना है।
सवाल 7—क्या आजाद समाज पार्टी का फोकस किसी एक वर्ग तक सीमित रहेगा?
नईम प्रधान: हमारा प्रयास समाज के सभी वर्गों तक पहुंचने का है। दलित, पिछड़े, अल्पसंख्यक, किसान, मजदूर, युवा और महिलाएं—हर वर्ग के मुद्दे महत्वपूर्ण हैं। राजनीति में सभी की भागीदारी और सम्मान जरूरी है।
सवाल 8—आपको पार्टी से टिकट मिलता है तो आपकी पहली प्राथमिकता क्या होगी?
नईम प्रधान: यदि पार्टी मुझे जिम्मेदारी देती है तो सबसे पहले क्षेत्र की वास्तविक समस्याओं का विस्तृत आकलन करूंगा। मेरा प्रयास रहेगा कि जसपुर के विकास का ऐसा रोडमैप तैयार हो जिसमें गांव और शहर दोनों को बराबर प्राथमिकता मिले।
सवाल 9—जनता आपको वोट क्यों दे, इसके बजाय आप जनता से क्या कहना चाहेंगे?
नईम प्रधान: मैं जनता से सिर्फ इतना कहना चाहता हूं कि वे किसी भी नेता का मूल्यांकन उसके काम, संघर्ष और जनता के बीच उसकी उपलब्धता से करें। मैं लगातार लोगों के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझने और उन्हें उठाने का प्रयास कर रहा हूं।
आखिरी सवाल—2027 के लिए आपका संदेश क्या है?
नईम प्रधान: “जसपुर की राजनीति में बदलाव की शुरुआत जनता के मुद्दों से होनी चाहिए। हम चाहते हैं कि आने वाले चुनाव में शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य, किसान और विकास जैसे वास्तविक मुद्दों पर चर्चा हो। जनता जो जिम्मेदारी देगी, उसे पूरी ईमानदारी से निभाने का प्रयास किया जाएगा।
