

रामनगर-कॉर्बेट नेशनल पार्क से सटे रामनगर वन प्रभाग के ग्राम चोपड़ा में महिला पर हमला करने वाले गुलदार को वन विभाग ने रेस्क्यू कर पिंजरे में कैद कर लिया है। गुलदार के पकड़े जाने से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।
रामनगर वन प्रभाग के एसडीओ अंकित बडोला ने बताया कि कुछ दिन पूर्व ग्राम चोपड़ा निवासी उमा देवी गांव के नाले से पानी लेने गई थीं। इसी दौरान घात लगाए बैठे गुलदार ने उन पर हमला कर दिया था। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद अन्य महिलाओं ने शोर मचाया, जिसके बाद गुलदार जंगल की ओर भाग गया था।
घटना के बाद वन विभाग की टीम ने प्रभावित क्षेत्र में निगरानी बढ़ाते हुए गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया था। लगातार प्रयासों के बाद गुलदार पिंजरे में कैद हो गया।
एसडीओ ने बताया कि गुलदार के आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण के बाद कॉर्बेट के रेस्क्यू सेंटर भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा कि वन विभाग क्षेत्र में लगातार निगरानी बनाए हुए है तथा ग्रामीणों से भी सतर्क रहने और अकेले जंगल या नालों की ओर न जाने की अपील की गई है।गुलदार के पकड़े जाने से ग्राम चोपड़ा और आसपास के क्षेत्रों के लोगों ने राहत महसूस की है।




