November 26, 2026
IMG_COM_202611261402172720.jpeg
सुदर्शन समाचार ब्यूरो

झिंझोली (हरियाणा) : सूर्या फाउंडेशन की ‘आदर्श गाँव योजना’ के अंतर्गत 18 से 22 नवंबर 2026 तक हरियाणा के झिंझोली स्थित सूर्या साधना स्थली में 5-दिवसीय ‘महिला स्वावलंबन शिविर’ का आयोजन किया गया। इस शिविर में उत्तराखंड के काशीपुर क्षेत्र से स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी 16 महिलाओं ने सहभागिता कर विभिन्न उद्यमिता एवं कौशल विकास गतिविधियों का प्रशिक्षण प्राप्त किया। “सशक्त महिला, समृद्ध भारत” के संकल्प के साथ आयोजित इस शिविर में विभिन्न राज्यों की कुल 85 ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भरता एवं स्वरोजगार की दिशा में प्रशिक्षित किया गया।

शिविर के उद्घाटन सत्र में सूर्या फाउंडेशन के वाइस चेयरमैन आ. वेद जी, Jaguar Group से मेघा जी (CSR Manager), GMR Group से उशोदयन जी (Associate Manager), हेमलता जी (Program Officer), आदर्श गाँव योजना प्रमुख प्रमोद जी सहित अन्य सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

शिविर का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ने के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास, निर्णय लेने की क्षमता, उद्यमशीलता एवं सामाजिक सम्मान की भावना विकसित करना था। प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं को आधुनिक तकनीक, उत्पाद की गुणवत्ता में सुधार, पैकेजिंग एवं मार्केटिंग की बारीकियों से अवगत कराया गया। व्यावहारिक प्रशिक्षण को चार मुख्य बैचों में विभाजित किया गया, जिसमें ‘श्री अन्न’ (मोटे अनाज) से लड्डू एवं बिस्कुट निर्माण, आर्टिफिशियल ज्वेलरी, होम केयर उत्पाद तथा गो-उत्पादों से विभिन्न सामग्री बनाने का प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

कौशल विकास के साथ-साथ शिविर में गुणवत्ता नियंत्रण, सप्लाई चेन, संचार कौशल, तनाव मुक्त जीवन एवं सरकारी पंजीकरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा विशेष सत्र आयोजित किए गए। प्रशिक्षण के दौरान सभी प्रतिभागियों को दिल्ली में आयोजित ‘इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर’ (IITF-26) का भ्रमण भी कराया गया, जहाँ महिलाओं को विभिन्न उत्पादों, विपणन तकनीकों, व्यापारिक गतिविधियों एवं बाजार के अवसरों को समझने का अनुभव मिला।

शिविर में महिलाओं के स्वास्थ्य एवं कल्याण को ध्यान में रखते हुए होम्योपैथी हेल्थ कैम्प का आयोजन भी किया गया, जिसमें निःशुल्क दवाओं का वितरण किया गया।

काशीपुर, उत्तराखंड की 16 महिलाओं के लिए यह शिविर नए कौशल सीखने, उत्पादों की गुणवत्ता बढ़ाने, बाजार की समझ विकसित करने एवं भविष्य में स्वरोजगार के नए अवसर सृजित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण अनुभव रहा। समापन सत्र में सूर्या ग्रुप के चेयरमैन पद्मश्री जयप्रकाश जी का मार्गदर्शन सभी प्रतिभागी महिलाओं के लिए प्रेरणादायी रहा। यह प्रशिक्षण ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने तथा स्थानीय स्तर पर लघु उद्यमों को बढ़ावा देने की दिशा में एक सार्थक पहल साबित हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *