
श्री साई फार्मेसी कॉलेज, जसपुर में फार्मेसी वीक के उपलक्ष्य में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी सात दिवसीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ किया गया। प्रतियोगिता का औपचारिक उद्घाटन संस्थान के चेयरमैन राजकुमार सिंह ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर उन्होंने छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद भी जीवन में अनुशासन टीम भावना और शारीरिक व मानसिक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं।

पहले दिन के रोमांचक मुकाबले प्रतियोगिता के उद्घाटन दिवस पर विभिन्न संकायों के छात्र-छात्राओं ने पूरे जोश और खेल भावना के साथ मैदान में अपना दमखम दिखाया। पहले दिन मुख्य रूप से कबड्डी, बैडमिंटन और खो-खो के मुकाबले आयोजित किए गए। कबड्डी (बालिका वर्ग) दिन का सबसे रोमांचक मुकाबला नर्सिंग कॉलेज और डिग्री कॉलेज की छात्राओं के बीच खेला गया। दोनों टीमों के बीच अंत तक कांटे की टक्कर देखने को मिली जिसमें शानदार प्रदर्शन करते हुए डिग्री कॉलेज की टीम ने बाजी मारी और जीत दर्ज की। बैडमिंटन के प्रथम चरण में फार्मेसी, डिग्री, पॉलिटेक्निक और नर्सिंग संकाय के छात्रों के बीच जबरदस्त प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। इस कड़े मुकाबले में फार्मेसी विभाग के फरमान और डिग्री विभाग के उवैश ने अपने-अपने प्रतिद्वंद्वियों को पछाड़ते हुए शानदार जीत हासिल की।

खो-खो प्रतियोगिता में नर्सिंग कॉलेज और डिग्री कॉलेज की छात्राओं की टीमें आमने-सामने रहीं। बेहतरीन तालमेल और फुर्ती का परिचय देते हुए नर्सिंग कॉलेज की छात्राओं ने डिग्री की टीम को पराजित कर सीधे फाइनल राउंड में प्रवेश किया। आगामी सात दिनों तक इसी तरह के कई अन्य रोचक और रोमांचक मुकाबलों के साथ निरंतर खेल प्रतियोगिता जारी रहेगी । खेल प्रतियोगिताओं के दौरान संस्थान के डायरेक्टर अवनीश कुमार, नर्सिंग के प्राचार्य परवेन्द्र शर्मा, पॉलिटेक्निक प्राचार्य अतुल शर्मा तथा डिग्री कॉलेज की प्राचार्य डॉ० देविका रावत विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त कार्यक्रम को सफल बनाने में फार्मेसी विभाग के मौहम्मद सलमान, पंकज कुमार, संदीप कुमार, तरुण चौहान, फरमान, शिवम, डॉ० शैलजा सिंह, डॉ० रागिनि बंसल, हिना कुमारी, नवप्रीत, पूजा ऐरी, नीमा बिष्ट, श्वेता टमटा, निधि मिश्रा, निपेन्द्र आदि शिक्षक व स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।
