दो स्थानों पर छापेमारी कर 6,000 लीटर लहन नष्ट, शराब की भट्टियां ध्वस्त
काशीपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर के निर्देश पर अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने और अपराधों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत काशीपुर पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की। पुलिस ने दोनों मामलों में कुल 210 लीटर अवैध कच्ची शराब और शराब बनाने के उपकरण बरामद किए। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जबकि दूसरा आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शराब बनाने के लिए तैयार किया गया करीब 6,000 लीटर लहन नष्ट करने के साथ ही शराब की भट्टियों को भी ध्वस्त किया।पुलिस के अनुसार, अवैध शराब की रोकथाम के लिए गठित टीम ने सूचना के आधार पर कोतवाली काशीपुर क्षेत्र के ग्राम रमपुरा में छापेमारी की। इस दौरान भट्टी संचालक खेतों का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। उसकी पहचान सुरेंद्र सिंह, निवासी ग्राम रमपुरा, कोतवाली काशीपुर, जनपद ऊधम सिंह नगर के रूप में हुई है।
पुलिस टीम ने मौके पर चल रही शराब की भट्टी को ध्वस्त कर करीब 100 लीटर अवैध कच्ची शराब और शराब बनाने के उपकरण बरामद किए। साथ ही लगभग 3,000 लीटर लहन मौके पर ही नष्ट किया गया। पुलिस ने फरार आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 60(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
कुंडेश्वरी क्षेत्र में एक आरोपी गिरफ्तार
दूसरी कार्रवाई चौकी कुंडेश्वरी क्षेत्र में की गई। पुलिस टीम ने मौके पर शराब तैयार कर रहे लखविंदर उर्फ निक्का पुत्र करतार सिंह, निवासी जगतपुर, कुंडेश्वरी, काशीपुर को गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक, मौके से करीब 110 लीटर अवैध कच्ची शराब और शराब बनाने के उपकरण बरामद किए गए। इसके अलावा लगभग 3,000 लीटर लहन नष्ट किया गया। गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
