भक्ति, संस्कृति और आदर्शों की त्रिवेणी से गुंजायमान हुआ द गुरुकुल फाउंडेशन स्कूल, काशीपुर
काशीपुर, 17 अक्टूबर 2026। विजयादशमी के पावन पर्व के उपलक्ष्य में द गुरुकुल फाउंडेशन स्कूल, जैतपुर मार्ग,काशीपुर में भव्य एवं विशाल श्रीरामलीला का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय का वातावरण भक्तिमय एवं उत्साहपूर्ण हो उठा। विद्यार्थियों ने भजनों, रामचरितमानस की चौपाइयों, मधुर संगीत, मनमोहक नृत्य तथा प्रभावशाली मंचीय अभिनय के माध्यम से भगवान श्रीराम के आदर्श जीवन, मर्यादा, सत्य, त्याग एवं धर्मपरायणता का सजीव चित्रण प्रस्तुत किया।
विद्यार्थियों की भावपूर्ण प्रस्तुतियों ने विद्यालय परिवार को रामायण के आदर्शों से परिचित कराते हुए यह प्रेरणादायक संदेश दिया कि असत्य पर सत्य, अधर्म पर धर्म तथा बुराई पर अच्छाई की विजय ही विजयादशमी का शाश्वत संदेश है। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं के प्रति सम्मान जागृत करना तथा उनके जीवन में नैतिक मूल्यों, कर्तव्यनिष्ठा और सदाचार की भावना को सुदृढ़ करना रहा।
इस गरिमामय अवसर पर विद्यालय की चेयरपर्सन श्रीमती चंपा कपूर, चेयरमैन डॉ. नीरज कपूर, डायरेक्टर डॉ. वसुधा कपूर, प्रधानाचार्या श्रीमती मीनल बधवार, संयुक्त प्रबंध निदेशिका सुश्री कामाक्षी कपूर, उपप्रधानाचार्या श्रीमती शुभांगी शर्मा तथा गतिविधि प्रमुख श्रीमती रिषु कुमारी सहित विद्यालय के शिक्षकगण उपस्थित रहे। सभी ने विद्यार्थियों की प्रतिभा, आत्मविश्वास एवं उत्कृष्ट प्रस्तुतियों की सराहना की।
श्रीरामलीला के इस भव्य आयोजन ने न केवल भारतीय सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का सशक्त माध्यम बनाया, बल्कि विद्यार्थियों को भगवान श्रीराम के आदर्शों को आत्मसात कर जीवन में सत्य, प्रेम, करुणा, अनुशासन एवं मर्यादा का पालन करने की प्रेरणा भी प्रदान की। अतः
“जहाँ सत्य का प्रकाश होता है, वहाँ असत्य का अंधकार स्वतः मिट जाता है।”*
इसी मंगलकामना के साथ कार्यक्रम ने सभी को धर्म, सदाचार एवं मानवीय मूल्यों के मार्ग पर चलने का संदेश दिया।
