October 19, 2026
IMG_20261018_150151.jpg
सुदर्शन समाचार ब्यूरो

काशीपुर। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की सचिव डॉ. दीपिका गुड़िया आत्रेय ने उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं विकास पुरुष पंडित नारायण दत्त तिवारी की 101वीं जयंती एवं 8वीं पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि पं. तिवारी का जीवन जनसेवा, सुशासन और विकास के प्रति समर्पण का प्रतीक रहा है। उत्तराखंड के विकास में उनके योगदान को सदैव याद किया जाएगा। डॉ. आत्रेय ने कहा कि पं. नारायण दत्त तिवारी ने अपने मुख्यमंत्री कार्यकाल में प्रदेश में औद्योगिक विकास को नई दिशा दी। उनकी दूरदर्शी सोच और निवेश को प्रोत्साहित करने वाली नीतियों से उत्तराखंड में उद्योगों की स्थापना को बढ़ावा मिला और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित हुए। उन्होंने कहा कि काशीपुर और आसपास के क्षेत्रों के औद्योगिक विकास में भी तिवारी जी की सोच और प्रयासों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। महुआखेड़ागंज, बाजपुर रोड तथा आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों में प्लाईवुड, पेपर एवं पैकेजिंग, खाद्य प्रसंस्करण और विभिन्न विनिर्माण इकाइयों के विस्तार से स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली। औद्योगिक गतिविधियों ने क्षेत्र के हजारों परिवारों की आजीविका को सहारा दिया। डॉ. आत्रेय ने कहा कि पं. तिवारी ने विकास और रोजगार को प्राथमिकता देकर उत्तराखंड की औद्योगिक पहचान मजबूत करने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उनके विचार आज भी प्रासंगिक हैं। युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना, उद्योगों को प्रोत्साहन देना और समाज के प्रत्येक वर्ग का कल्याण सुनिश्चित करना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने सभी से उनके बताए मार्ग पर चलकर जनसेवा और प्रदेश के विकास के लिए कार्य करने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *