October 19, 2026
IMG-20261018-WA0017.jpg
सुदर्शन समाचार ब्यूरो


मेगा ड्राइव के माध्यम से जरूरतमंदों को निःशुल्क विधिक सहायता एवं कानूनी अधिकारों के प्रति किया गया जागरूक”

काशीपुर:सत्येंद्र चंद्र गुड़िया इंस्टिट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एवं लॉ कॉलेज, काशीपुर के विद्यार्थियों ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, ऊधम सिंह नगर द्वारा आयोजित मेगा ड्राइव (चरण–I) के अंतर्गत विधिक जागरूकता अभियान में सहभागिता की। यह कार्यक्रम उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के तत्वावधान में जमीनी स्तर पर नालसा (NALSA) की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से ग्राम हरी नगर, ढकिया कला, तहसील काशीपुर में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्रीमती ममता पंत, सिविल जज (सीनियर डिवीजन) एवं सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, ऊधम सिंह नगर उपस्थित रहीं। उन्होंने जमीनी स्तर पर विधिक सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने तथा समाज के जरूरतमंद वर्गों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक बनाने के महत्व पर जोर दिया।
अभियान के अंतर्गत ग्रामीणों को निःशुल्क विधिक सहायता, महिलाओं एवं बच्चों के अधिकारों, वरिष्ठ नागरिकों के संरक्षण, गरीब एवं असहाय व्यक्तियों, श्रमिकों को कानूनी सहायता तथा दिव्यांगजनों के अधिकारों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गईं। इसके साथ ही नशा मुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने और जरूरतमंद लोगों को न्याय व्यवस्था से जोड़ने पर भी विशेष बल दिया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज के वंचित एवं कमजोर वर्गों तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित करना तथा उन्हें विधिक सेवाओं और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित करना था। इस पहल के माध्यम से आमजन को यह संदेश दिया गया कि आर्थिक या सामाजिक परिस्थितियां न्याय प्राप्त करने में बाधा नहीं बननी चाहिए।
सत्येंद्र चंद्र गुड़िया इंस्टिट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एवं लॉ कॉलेज के विद्यार्थियों की सहभागिता ने उन्हें विधि के व्यावहारिक पक्ष को समझने तथा सामाजिक न्याय एवं जनसेवा के महत्व से परिचित होने का अवसर प्रदान किया। ऐसे कार्यक्रम विधि के विद्यार्थियों में संवेदनशीलता, सामाजिक उत्तरदायित्व और जरूरतमंद लोगों की सहायता करने की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उक्त जानकारी सत्येंद्र चंद्र गुड़िया लॉ कॉलेज के रजिस्ट्रार डॉ. सुधीर कुमार दुबे ने दी तथा उन्होंने बताया कि श्रीमती ममता पंत द्वारा छात्र –छात्राओं को प्रोत्साहित करते हुए विधि के व्यापक पहलुओं पर चर्चा की।
रजिस्ट्रार डॉ सुधीर दुबे ने यह भी बताया कि संस्थान का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण विधिक शिक्षा प्रदान करने के साथ-साथ उन्हें समाज में न्याय, समानता और विधिक जागरूकता के प्रसार के लिए प्रेरित करना है। मेगा ड्राइव में विद्यार्थियों की सहभागिता इसी दिशा में एक सार्थक पहल रही।
इस अवसर पर तहसील विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सृष्टि बनियाल (सिविल जज, जू. डिवीजन), श्रम अधिकारी एवं खाद्य एवं रसद आपूर्ति अधिकारी, संस्थान के फैकल्टी आशुतोष कुमार, अभय कुमार, प्रियांशु कुमार उपस्थित रहे एवं कार्यक्रम का सफलतापूर्वक संचालन पीएलवी कार्यकर्ता सुश्री हेमा द्वारा किया गया।
यहां यह बताते चलें कि संस्थान की प्रबंध समिति लगातार इस प्रकार के विधिक सहायता शिविर के आयोजन एवं उसमें प्रतिभाग हेतु विद्यार्थियों को भेजने हेतु प्रयासरत रहती है जिससे विधि के विद्यार्थियों को न्याय संगत संपूर्ण जानकारी प्राप्त हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *