काशीपुर:आगामी त्योहारों के मद्देनजर काशीपुर पुलिस ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए पैदल गश्त की। इस दौरान पुलिस टीम ने बाजार क्षेत्र में सुरक्षा का जायजा लेते हुए ज्वैलर्स की दुकानों का निरीक्षण किया और व्यापारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए।
पैदल गश्त के दौरान पुलिस टीम ने आभूषणों की दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों और अलार्म सिस्टम की जांच की। साथ ही व्यापारियों को सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने, संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर नजर बनाए रखने तथा किसी भी संदिग्ध परिस्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने के निर्देश दिए गए।पुलिस ने व्यापारियों से अपील की कि वे अपनी दुकानों में सुरक्षा के सभी आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करें और किसी भी लापरवाही से बचें। त्योहारों के दौरान बाजारों में बढ़ने वाली चहल-पहल को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा और सतर्कता पर विशेष जोर दिया।
काशीपुर पुलिस ने संदेश दिया कि आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क एवं प्रतिबद्ध है। आमजन और व्यापारियों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
