काशीपुर। श्रीराम इंस्टीट्यूट, काशीपुर में उजाला सिग्नस हॉस्पिटल के सहयोग से स्वास्थ्य जांच एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य संस्थान के छात्र-छात्राओं एवं कर्मचारियों को विभिन्न बीमारियों, उनके बचाव, प्रारंभिक लक्षणों तथा आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम में विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. शलभ अरोड़ा ने कैंसर के विभिन्न प्रकारों, उसके शुरुआती लक्षणों, बचाव के उपायों तथा समय पर जांच एवं उपचार के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता, नियमित जांच और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने से कैंसर की समय रहते पहचान करने तथा उसके उपचार में सहायता मिल सकती है।
वहीं, डॉ. विभोर अग्रवाल ने किडनी के स्वास्थ्य एवं यूरोलॉजिकल विकारों से संबंधित समस्याओं, उनके बचाव और आधुनिक चिकित्सा पद्धतियों के बारे में जानकारी प्रदान की। उन्होंने छात्र-छात्राओं एवं कर्मचारियों को किडनी के स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने, संतुलित आहार अपनाने तथा किसी भी असामान्य लक्षण की स्थिति में समय पर चिकित्सकीय परामर्श लेने के लिए प्रेरित किया।
शिविर के दौरान डॉ. राघव द्वारा आंखों की निःशुल्क स्क्रीनिंग एवं जांच की गई, जिससे छात्र-छात्राओं एवं कर्मचारियों को अपने नेत्र स्वास्थ्य की जांच कराने का अवसर मिला। इसके अतिरिक्त, डॉ. अमित ने सामान्य चिकित्सा (जनरल फिजिशियन) से संबंधित विषयों पर प्रकाश डालते हुए सामान्य बीमारियों, उनके लक्षणों, बचाव तथा समय पर उपचार के महत्व के बारे में जानकारी दी।
इस अवसर पर संस्थान के अध्यक्ष श्री रविंद्र कुमार ने स्वास्थ्य जागरूकता को समाज एवं शैक्षणिक संस्थानों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी बताते हुए कहा कि विद्यार्थियों और कर्मचारियों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए इस प्रकार के शिविर उपयोगी सिद्ध होते हैं। उन्होंने कहा कि नियमित स्वास्थ्य जांच और बीमारियों के प्रति जागरूकता अपनाकर लोग अपने स्वास्थ्य की बेहतर देखभाल कर सकते हैं। उन्होंने उजाला सिग्नस हॉस्पिटल की चिकित्सा टीम के सहयोग की सराहना की।
संस्थान के निदेशक प्रो. डॉ. योगराज सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास केवल शैक्षणिक उपलब्धियों तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके शारीरिक स्वास्थ्य और स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता का भी विशेष महत्व है। उन्होंने कहा कि ऐसे स्वास्थ्य जांच शिविर समय पर चिकित्सकीय परामर्श लेने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं।
कार्यक्रम के माध्यम से छात्र-छात्राओं एवं कर्मचारियों को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने, बीमारियों के शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज न करने तथा विशेषज्ञ चिकित्सकों की सलाह का पालन करने का संदेश दिया गया।कार्यक्रम के शुभ अवसर पर संस्थान के समस्त कर्मचारियों व छात्र – छात्राओं ने प्रतिभाग किया।
