September 29, 2026
IMG-20260928-WA0010.jpg
सुदर्शन समाचार ब्यूरो

जसपुर:क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के बीच किसानों की फसलों को संभावित नुकसान को लेकर आम आदमी पार्टी के विधायक प्रत्याशी सरदार सूबा सिंह ने सरकार से तत्काल सर्वे कराकर प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि पूरे जनपद के साथ जसपुर में लगातार दो दिन हुई भारी बारिश के दौरान खेतों में पानी भरने के बाद फसलों को काफी नुकसान हुआ है। आप नेता सूबा सिंह ने कहा कि किसान पहले ही खेती की बढ़ती लागत से परेशान है। ऊपर से लगातार बारिश से खेतों में खड़ी फसल को नुकसान हो रहा है। सरकार को बिना देरी किए गांव-गांव जाकर सर्वे कराना चाहिए और जिन किसानों की फसल खराब हुई है, उन्हें उचित मुआवजा उपलब्ध कराना चाहिए।उन्होंने कहा कि किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए ऑनलाइन पंजीकरण और अन्य प्रक्रियाओं से गुजरना पड़ता है। इसके बाद खरीद केंद्रों पर उपज बेचने के लिए किसानों को लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ता है। छोटे और सीमांत किसानों के लिए यह प्रक्रिया अतिरिक्त परेशानी का कारण बनती है।उन्होंने सरकार से मुआवजे के साथ किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य सुनिश्चित करने के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू करने की मांग की। उन्होंने कहा कि केवल फसल उत्पादन बढ़ाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि किसान को उसकी उपज का उचित मूल्य और प्राकृतिक आपदा की स्थिति में समय पर आर्थिक सुरक्षा भी मिलनी चाहिए।उन्होंने मांग की कि प्रशासन गांव-गांव और खेत-खेत सर्वे कराकर वास्तविक नुकसान का आकलन करे तथा जिन किसानों की फसल बारिश, जलभराव या तेज हवाओं से खराब हुई है, उन्हें राहत उपलब्ध कराई जाए। साथ ही फसल बीमा के दायरे में आने वाले किसानों के दावों के निस्तारण में भी तेजी लाई जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *