काशीपुर, 28 सितंबर 2026:समर स्टडी हॉल विद्यालय में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प’ सप्ताह के अंतर्गत विद्यार्थियों के लिए विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया। इसी क्रम में विद्यालय में चित्रांकन एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी रचनात्मकता, विचारशीलता एवं अभिव्यक्ति-कौशल का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता को जूनियर एवं सीनियर वर्ग में विभाजित किया गया। दोनों वर्गों के विद्यार्थियों ने चित्रांकन एवं भाषण प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर भाग लिया। विद्यार्थियों ने सेवा, समाज, राष्ट्र एवं सामाजिक उत्तरदायित्व से जुड़े विषयों पर अपने विचारों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
इस प्रतियोगिता मे प्रथम द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र देकर उनका उत्साहवर्धन किया। विद्यार्थियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर विद्यालय परिवार ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री आशीष गुप्ता जी जो कि एक प्रतिष्ठित एवं कुशल कारोबारी होने के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों के प्रति सजग एवं संवेदनशील व्यक्तित्व हैं। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनकी रचनात्मक प्रतिभा की सराहना की। उनके प्रेरणादायी संबोधन ने विद्यार्थियों में आत्मविश्वास एवं समाज के प्रति उत्तरदायित्व की भावना को प्रबल किया।
इस अवसर पर विद्यालय की अध्यक्षा श्रीमती मुक्ता सिंह व डायरेक्टर अनुराग कुमार सिंह ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ विद्यार्थियों में रचनात्मकता, आत्मविश्वास, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने में सहायक होती हैं। इसके साथ ही विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री अनुज भाटिया जी ने भी सभी प्रतिभागियों को सेवा संकल्प कार्यक्रम में उनके योगदान हेतु बहुत-बहुत बधाई दी।
इस कार्यक्रम के अवसर पर विद्यालय के उप प्रधानाचार्य मनु अग्रवाल,राजेंद्र सिंह फर्त्याल, काजिम रिजवी ,अनीता तिवारी, प्रशांत कुमार, पूनम अरोड़ा आदि शिक्षक शिक्षिकाए उपस्थित रहे।सभी ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया तथा प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सहयोग प्रदान किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में सेवा-भाव, सामाजिक उत्तरदायित्व, रचनात्मक अभिव्यक्ति एवं राष्ट्रहित की भावना को प्रोत्साहित करना रहा। विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी ने कार्यक्रम को सफल एवं प्रेरणादायी बनाया।









