September 23, 2026
IMG_COM_202609232135516120.jpeg
सुदर्शन समाचार ब्यूरो

काशीपुर। वैश्य समाज की गौरवशाली परंपरा, वरिष्ठजनों के सम्मान और युवा प्रतिभाओं के प्रोत्साहन का अनूठा संगम बुधवार को बाजपुर रोड स्थित गोविशान हैरिटेज में देखने को मिला। कुमायूं वैश्य महासभा काशीपुर की ओर से आयोजित वरिष्ठ जन वंदन, प्रतिभा अभिनंदन समारोह-2026 में जहां समाज के 75 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठजनों को सम्मानित कर उनके योगदान को नमन किया गया, वहीं शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले मेधावी बच्चों का अभिनंदन कर उनकी प्रतिभा को नई पहचान दी गई।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में राज्यसभा सांसद नरेश बंसल शामिल हुए, जबकि प्रसिद्ध उद्यमी योगेश जिंदल ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। कार्यक्रम का शुभारंभ कुलदेवी मां महालक्ष्मी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद अतिथियों का स्वागत किया गया। वैश्य समाज के शेष कुमार सितारा ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर समारोह को भावपूर्ण शुरुआत दी। वहीं, आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया।
समारोह का मुख्य आकर्षण समाज के वरिष्ठजनों का सम्मान रहा। 75 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित कर उनके अनुभव, मार्गदर्शन और समाज के प्रति योगदान को नमन किया गया। इसके साथ ही शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभाशाली बच्चों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। समारोह ने एक ओर जहां वरिष्ठ पीढ़ी के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का संदेश दिया, वहीं दूसरी ओर नई पीढ़ी की उपलब्धियों को समाज की प्रेरणा के रूप में प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक डॉ. शैलेंद्र मोहन सिंघल, उद्यमी देवेंद्र अग्रवाल, पवन अग्रवाल, बांके गोयनका, सत्यभान गर्ग, आशीष गुप्ता, योगेश जैन, रेखा जिंदल और सुधा अग्रवाल सहित समाज के अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
समारोह के दौरान वैश्य समाज की एकजुटता, आपसी सहयोग और सामाजिक समरसता को मजबूत बनाने पर जोर दिया गया। कुमायूं वैश्य महासभा काशीपुर के अध्यक्ष एमपी गुप्ता, कपिल अग्रवाल और प्रियांशु बंसल ने समारोह में पहुंचे अतिथियों एवं समाज के लोगों का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *