आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर उत्तराखंड में राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं। इसी क्रम में आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद चंद्रशेखर आजाद के जसपुर पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। जसपुर विधानसभा क्षेत्र में नईम प्रधान के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाएं पहनाकर उनका अभिनंदन किया।
चंद्रशेखर आजाद के जसपुर पहुंचने पर समर्थकों और कार्यकर्ताओं ने उत्साह के साथ उनका स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने जसपुर के विभिन्न मार्गों से होते हुए रोड शो किया। रोड शो के दौरान जगह-जगह कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया। इस दौरान पार्टी के समर्थन में नारेबाजी भी देखने को मिली।

इस दौरान नई प्रधान ने कहा कि जसपुर विधानसभा क्षेत्र में आजाद समाज पार्टी ने आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर चुनावी बिगुल फूंक दिया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद चंद्रशेखर आजाद के जसपुर आगमन से कार्यकर्ताओं में नया जोश और उत्साह देखने को मिला है। जिस तरह से सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका स्वागत किया, उससे साफ है कि जसपुर की जनता बदलाव चाहती है।

अब हमारा लक्ष्य गांव-गांव और घर-घर तक पार्टी की विचारधारा पहुंचाना है। हम सामाजिक न्याय, समान अधिकार और दबे-कुचले तथा वंचित वर्गों की आवाज को मजबूती से उठाएंगे। आगामी विधानसभा चुनाव में आजाद समाज पार्टी पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरेगी। उन्होंने कहा कि जसपुर की जनता का जो प्यार और समर्थन मिल रहा है, वह हमारी सबसे बड़ी ताकत है। हम जनता के विश्वास पर खरा उतरने और क्षेत्र के विकास के लिए पूरी ईमानदारी से संघर्ष करेंगे। 2027 के चुनाव में आजाद समाज पार्टी अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराएगी।
