September 30, 2026
IMG_COM_202609301256504530.jpeg
सुदर्शन समाचार ब्यूरो

काशीपुर।यहां राधे हरि राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, काशीपुर के छात्रसंघ चुनाव में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के सदस्य गुरजिंदर सिंह ने अध्यक्ष पद पर शानदार जीत दर्ज की तो वहीं अभय प्रताप ने उपाध्यक्ष पद पर विजय हासिल की। इन विजयी छात्र नेताओं ने महापौर दीपक बाली से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया वहीं महापौर ने दोनों की जीतपर उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

महापौर दीपक बाली ने कहा कि छात्रसंघ चुनाव में गुरजिंदर सिंह और अभय प्रताप की जीत छात्रशक्ति के विश्वास और सकारात्मक सोच की जीत है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों ने अपने प्रतिनिधियों का चयन करते हुए राष्ट्रवाद, विचार और सकारात्मक परिवर्तन की भावना को समर्थन दिया है।

उन्होंने नवनिर्वाचित अध्यक्ष गुरजिंदर सिंह बॉबी एवं उपाध्यक्ष अभय प्रताप को उनके उज्ज्वल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं देते हुए उन्हें गले लगा लिया और उम्मीद जताई कि दोनों छात्रहितों को प्राथमिकता देते हुए महाविद्यालय के विद्यार्थियों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाएंगे।

महापौर श्री बाली ने कहा कि महाविद्यालयों में छात्रसंघ की भूमिका केवल चुनाव तक सीमित नहीं होती, बल्कि छात्र-छात्राओं की आवाज को उचित मंच तक पहुंचाने और शैक्षणिक वातावरण को बेहतर बनाने में भी छात्र प्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होती है। उन्होंने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों से विद्यार्थियों के हित में सक्रियता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि युवाओं में नेतृत्व की क्षमता विकसित करना लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती के लिए महत्वपूर्ण है। छात्रसंघ चुनाव के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी पसंद के प्रतिनिधि चुनने का अवसर मिलता है और इसी प्रक्रिया से भविष्य के नेतृत्व की नींव भी तैयार होती है।

महापौर ने गुरजिंदर सिंह और अभय प्रताप सहित चुनाव में भागलेनेवालेसभीछात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सहभागिता स्वयं में महत्वपूर्ण है। उन्होंने नवनिर्वाचित छात्र प्रतिनिधियों से अपेक्षा की कि वे महाविद्यालय में सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखते हुए शिक्षा, अनुशासन और छात्रहित से जुड़े विषयों पर प्राथमिकता से काम करेंगे। इस अवसर पर पूर्व अध्यक्ष अमन शर्मा रिंकु बिष्ट मिंटू सिंह परमीत सिंह व वरुण सिंह आदि भी मौजूद रहे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *