February 7, 2026

देशभर में कोरोना की दूसरी लहर के तेजी से बढ़ते हुए खतरे के बीच केंद्र सरकार तथा सभी राज्यों की सरकारें ज्यादा से ज्यादा लोगों का टीकाकरण करने की कोशिश कर रही है। अभी 45 साल से अधिक उम्र वालों को टीका लगाया जा रहा है और सरकार की अपील है कि जिनकी उम्र 45 से अधिक है, वे जरूर टीका लगवाएं। टीकाकरण अभियान देश में तेजी से चल रहा है और अभी तक आठ करोड़ से अधिक लोगों को वैक्सीन लग भी चुकी है। इस बीच, गुजरात के राजकोट में लोगों को सोने की नोज पिन दी जा रही है। ज्यादा से ज्यादा लोग कोरोना का टीका लगवाएं, इसके लिए राजकोट में महिलाओं को सोने की नोज पिन और पुरुषों को हैंड ब्लेंडर दिया जा रहा है। कुल 751 महिलाओं को नोज पिन दी गई है और हैंड ब्लेंडर्स पाने वाले पुरुषों की संख्या 580 है। इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार, राजकोट की ज्वेलर कम्युनिटी ने लोगों को गिफ्ट देने का अभियान शुरू किया है। कम्युनिटी ने शहर के सोनीबाजार के किशोर सिंहजी प्राइमरी स्कूल में लगाए गए वैक्सीनेशन कैंप में लोगों को ये गिफ्ट बांटे। इसमें गोल्ड नोज पिन और हैंड ब्लेंडर्स शामिल थे। इसके पीछे की वजह ज्यादा से ज्यादा लोगों को कोरोना का टीका लगवाना है। आपकी बताते चलें कि अन्य राज्यों की ही तरह गुजरात में भी कोरोना वायरस के नए मामले काफी तेजी से बढ़ रहे हैं। राजकोट में स्वर्णकार समुदाय के इस कैंप में गिफ्ट दिए जाने की घोषणा के बाद से शहरवासियों के बीच वैक्सीन लेने की होड़-सी लग गई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, स्वर्णकार समुदाय द्वारा लगाए गए कैंप में लोगों की लाइनें लग रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *