काशीपुर: काशीपुर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को निरंतर गति प्रदान करते हुए आज माननीय विधायक श्री त्रिलोक सिंह चीमा द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में कुल ₹85.20 लाख की लागत से होने वाले 6 सड़क निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया गया। इन कार्यों के पूर्ण होने से स्थानीय नागरिकों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी तथा क्षेत्र की आधारभूत संरचना और मजबूत होगी।
शिलान्यास किए गए कार्यों में नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 40, काशीमा एवन्यू कॉलोनी की विभिन्न गलियों में सड़क एवं नाली निर्माण, ग्राम मानपुर नई बस्ती में माता धारा देवी मंदिर तक टाइल मार्ग, ग्राम गढ़ी इंद्रजीत में सड़क एवं नाली निर्माण तथा डामर रोड से विभिन्न आवासीय क्षेत्रों और श्मशान घाट तक टाइल मार्ग निर्माण के कार्य शामिल हैं।
इन 6 विकास कार्यों में सड़क निर्माण के साथ आवश्यकतानुसार नाली निर्माण एवं रिटेनिंग वॉल का कार्य भी कराया जाएगा, जिससे स्थानीय लोगों को जलभराव की समस्या से राहत, सुरक्षित आवागमन और बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
इस अवसर पर विधायक श्री त्रिलोक सिंह चीमा ने कहा कि काशीपुर विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड एवं गांव में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार करना उनकी प्राथमिकता है। सड़क, नाली, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाया जा रहा है। विकास का उद्देश्य केवल निर्माण कार्य कराना नहीं, बल्कि आम नागरिक के जीवन को सुगम, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाना है।
उन्होंने कहा कि जनता की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्य आगे भी निरंतर जारी रहेंगे और काशीपुर को विकास एवं जनसुविधाओं के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य किया जाएगा।
जनता की सुविधा, क्षेत्र का विकास और जनसेवा का संकल्प ही हमारी प्राथमिकता है।
