काशीपुर/जसपुर। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर आम आदमी पार्टी ने अपनी संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में आम आदमी पार्टी उत्तराखंड की ओर से प्रदेश की विभिन्न विधानसभा सीटों के लिए विधानसभा समन्वयकों की नियुक्ति की गई है। पार्टी की ओर से 9 नवंबर 2026 को जारी आधिकारिक घोषणा पत्र में 11 विधानसभा क्षेत्रों के समन्वयकों के नामों की घोषणा की गई है।

जारी सूची के अनुसार, जसपुर विधानसभा क्षेत्र से सरदार सूबा सिंह को विधानसभा समन्वयक नियुक्त किया गया है, जबकि काशीपुर विधानसभा क्षेत्र की जिम्मेदारी उदित बंसल को सौंपी गई है। इसके अलावा बदरीनाथ से देव सिंह फोनिया, धनोल्टी से अरुण गोसाईं, राजपुर रोड से सीपी सिंह, देहरादून कैंट से नवीन बिष्ट, डोईवाला से गणेश कुड़ियाल, ऋषिकेश से अशोक सेमवाल, चंपावत से दीपक जोशी, रुद्रपुर से विजय सिंह और नानकमत्ता से मधु राणा को समन्वयक बनाया गया है।
पार्टी की ओर से जारी घोषणा पर प्रदेश प्रभारी महेंद्र यादव और सह प्रभारी डॉ. युवराज भारद्वाज के हस्ताक्षर हैं। नियुक्त किए गए सभी समन्वयकों से अपनी-अपनी विधानसभा क्षेत्रों में संगठन को मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी की गतिविधियों को गति देने की अपेक्षा की गई है।
जसपुर और काशीपुर विधानसभा क्षेत्रों में नई नियुक्तियों को आगामी चुनाव के मद्देनजर आम आदमी पार्टी की संगठनात्मक सक्रियता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
