काशीपुर। राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थानों में आयोजित सेवा संकल्प अभियान के तहत स्थानीय पॉलिटेक्निक में भी विभिन्न कार्यक्रमों और प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। अभियान के अंतर्गत संस्थान स्तर पर स्वच्छता एवं श्रमदान, पौधारोपण, साइबर सुरक्षा जागरूकता, विज्ञान एवं तकनीकी प्रदर्शन, स्वास्थ्य जागरूकता शिविर, चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।
निर्देशालय प्राविधिक शिक्षा उत्तराखंड श्रीनगर गढ़वाल के पत्र के अनुपालन में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। संस्थान स्तर पर आयोजित प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं ने 30 सितंबर को जिला स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया।
संस्थान स्तर पर 22 सितंबर को स्वच्छता एवं श्रमदान तथा पौधरोपण, 23 सितंबर को साइबर सुरक्षा जागरूकता, 24 सितंबर को विज्ञान एवं तकनीकी प्रदर्शन, 25 सितंबर को स्वास्थ्य जागरूकता शिविर और चित्रकला तथा 26 सितंबर को भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई।
चित्रकला प्रतियोगिता के लिए सेवा की कहानी, स्वच्छता, विकसित भारत 2047, विकसित उत्तराखंड 2047, तकनीकी नवाचार अथवा सामाजिक दायित्व जैसे विषय निर्धारित किए गए थे। भाषण प्रतियोगिता का विषय विकसित भारत 2047 एवं विकसित उत्तराखंड 2047 रखा गया था।
बुधवार को चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता में विजयी रहे छात्र-छात्राओं को मुख्य अतिथि काशीपुर नगर निगम के मेयर दीपक बाली तथा प्राविधिक शिक्षा विभाग उत्तराखंड, श्रीनगर गढ़वाल के उप निदेशक एस.के. वर्मा ने पुरस्कार प्रदान किए।
कार्यक्रम में उत्तराखंड राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थान काशीपुर के प्रधानाचार्य बी.पी. सिंह, राजकीय पॉलिटेक्निक खटीमा के प्रधानाचार्य प्रभुनाथ सहित बेसिक साइंस, इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग, आईटी, फार्मेसी, सीएसई, केमिकल इंजीनियरिंग और अन्य विभागों के अध्यक्ष एवं व्याख्याता उपस्थित रहे।









