April 19, 2026
IMG_COM_202604191813098950.jpeg
सुदर्शन समाचार ब्यूरो

काशीपुर, 18 अप्रैल: दि गुरुकुल फाउंडेशन स्कूल, काशीपुर में शनिवार को ‘फाउंडर्स डे’ अत्यंत श्रद्धा, गरिमा एवं उत्साह के साथ मनाया गया। यह अवसर विद्यालय के लिए अत्यंत गौरवपूर्ण एवं भावनात्मक रहा, जिसमें संस्थापक के आदर्शों, मूल्यों एवं उनके दूरदर्शी नेतृत्व को स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।

इस अवसर पर विद्यालय के संस्थापक स्वर्गीय श्री प्रेम कपूर जी के अद्वितीय योगदान को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उन्होंने न केवल इस संस्थान की स्थापना की, बल्कि इसे उत्कृष्टता, अनुशासन और उच्च मूल्यों की मजबूत नींव पर भी स्थापित किया। विद्यालय के विकास और उसकी पहचान को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है।

स्वर्गीय श्री कपूर जी की दूरदर्शी सोच थी कि गुरुकुल को केवल स्थानीय स्तर तक सीमित न रखकर उसे व्यापक पहचान दिलाई जाए; उनकी अभिलाषा थी कि गुरुकुल एक दिन विश्व स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान बनाए। वे सदैव कहा करते थे, “शहर छोटा होने से कुछ नहीं होता, यदि हौसले बुलंद हों तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता।” उनके ये प्रेरणादायक विचार आज भी विद्यालय परिवार को निरंतर प्रगति और उत्कृष्टता की ओर अग्रसर कर रहे हैं।

समारोह के दौरान विद्यालय की गौरवशाली उपलब्धियों को रेखांकित किया गया। शैक्षणिक सत्र 2025–26 में कक्षा 4 से 11 तक उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों के साथ-साथ CBSE द्वारा आयोजित बोर्ड परीक्षा 2026 में शीर्ष स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को विशेष रूप से ट्रॉफी, मेडल एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। शैक्षणिक गतिविधियों के अतिरिक्त अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी उनके अभिभावकों की गरिमामयी उपस्थिति में पुरस्कृत किया गया।

इस आयोजन को और भी आकर्षक बनाने के लिए विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग नृत्य एवं संगीत की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं, जिन्होंने सभी का मन मोह लिया।

कार्यक्रम के दूसरे चरण में नवीन विद्यार्थी परिषद (Student Council) के सदस्यों का पदग्रहण समारोह (Investiture Ceremony) आयोजित किया गया। इसमें सत्र 2026–27 के लिए छात्र परिषद एवं नेतृत्व मंडल (Leadership Board) का गठन हुआ। नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को उनके नवीन दायित्व औपचारिक रूप से सौंपे गए और उन्हें निष्ठापूर्वक अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने हेतु प्रेरित किया गया। यह अवसर विद्यार्थियों के लिए गर्व एवं जिम्मेदारी का प्रतीक रहा, जिसने उनमें नेतृत्व क्षमता, अनुशासन एवं कर्तव्यनिष्ठा के भाव को और सुदृढ़ किया।

इस गरिमामय अवसर पर विद्यालय की अध्यक्षा श्रीमती चम्पा कपूर जी, अध्यक्ष डॉ. नीरज कपूर जी, निदेशक डॉ. वसुधा कपूर जी, प्रधानाचार्या श्रीमती मीनल बधवार जी, संयुक्त प्रबंध निर्देशिका सुश्री कामाक्षी कपूर जी तथा उप-प्रधानाचार्या श्रीमती शुभांगी शर्मा जी सहित समस्त शिक्षकगण उपस्थित रहे। सभी गणमान्य अतिथियों ने अपने प्रेरणादायक उद्बोधनों से विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया और उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *