काशीपुर:जिन्न’ के नाम पर अंधविश्वास फैलाकर और रुपये दोगुना करने का लालच देकर सैकड़ों ग्रामीणों से करीब 1.5 करोड़ रुपये ठगने के आरोप में गिरोह के सरगना समेत तीन आरोपियों को आईटीआई कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। नवनियुक्त एसएसपी अजय गणपति ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि मंगलवार को बांसखेड़ा निवासी शकील अहमद ने आईटीआई कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि करीब एक साल पहले सरताज अली उर्फ कादरी बाबा एक धार्मिक जलसे में मुख्य अतिथि बनकर गांव आया। अपने भाषण में उसने लोगों को झांसा दिया कि उसके पास ‘भाईजान नाम का जिन्न’ है, जो रुपये दोगुना कर देता हैं। आरोपियों ने लोगों से पैसा जमा करने और 40 दिन धार्मिक सेवा कराने पर रकम दोगुनी करने का वादा किया। कामगार वर्ग, विधवा, युवाओं के लिए 25,500, 15,500, 12,500 और 6,500 रुपये जैसी अलग-अलग स्कीम बताईं। इसमें नौ लोगों से ही करीब 63 लाख रुपये ठगे गए। मुख्य आरोपी के साथ दो अन्य भी इसमें शामिल रहे। आरोप है कि गिरोह ने गांव के कम पढ़े-लिखे सैकड़ों लोगों को अंधविश्वास में फंसाया और उनसे पैसे जमा कराए। तय समय के बाद जब लोगों ने अपने जमा पैसे मांगने शुरू किए तो आरोपियों ने गालीगलौच कर जान से मारने की धमकी दी। आईटीआई कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। एसएसपी गणपति ने बताया कि बुधवार देर शाम आरोपी सरताज अली उर्फ कादरी बाबा पुत्र अख्तर अली, शफीक पुत्र रफीक और आरिफ पुत्र मोहम्मद यूसुफ रामपुर (यूपी) भागने की फिराक में थ पुलिस ने इन्हें घेराबंदी कर पकड़ लिया। आरोपी रामपुर के ही रहने वाले बताए जा रहे हैं।
